सवाई माधोपुर में 31 अक्टूबर को 'रन फॉर यूनिटी' रैली, तैयारियां पूरी
सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर दशहरा मैदान से सर्किट हाउस तक आयोजित होगी रैली, जिला प्रशासन ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।
सवाई माधोपुर में 'रन फॉर यूनिटी' रैली की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की बैठक में चर्चा करते सीईओ।
सवाई माधोपुर में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को ‘रन फॉर यूनिटी’ रैली आयोजित की जाएगी। जिला कलक्टर काना राम के निर्देशन में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहित कासनिया ने संबंधित विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहित कासनिया ने बताया कि 31 अक्टूबर को सुबह 7 बजे दशहरा मैदान से रैली शुरू होकर सर्किट हाउस तक पहुंचेगी। उन्होंने अधिकारियों को रैली में शामिल होने वाले प्रतिभागियों के लिए पेयजल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और कार्यक्रम स्थल पर निर्धारित समय पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए।
उन्होंने जिला खेल अधिकारी को नगर परिषद के समन्वय से कार्यक्रम का संचालन सुनिश्चित करने, स्वयंसेवकों एवं खिलाड़ियों की सहभागिता कराने तथा सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने को कहा। वहीं, पुलिस विभाग को रैली मार्ग पर कानून-व्यवस्था, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी को माध्यमिक स्तर के छात्र-छात्राओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ पीटीआई अध्यापकों की नियुक्ति करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय एवं कन्या महाविद्यालय को विद्यार्थियों और एनएसएस स्वयंसेवकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने माय भारत केंद्र एवं स्काउट गाइड से जुड़े लगभग 100 स्वयंसेवकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। इस प्रकार 31 अक्टूबर को आयोजित होने वाली रैली में विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, खेल विभागों और स्वयंसेवी संगठनों की सहभागिता के साथ कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।