सवाई माधोपुर के विद्यालय में छात्राओं को वित्तीय साक्षरता और साइबर सुरक्षा के गुर सिखाए गए।

सवाई माधोपुर। डिजिटल लेनदेन के बढ़ते उपयोग के बीच साइबर ठगी से बचाव और वित्तीय सुरक्षा को लेकर गीता देवी अग्रवाल बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, सवाई माधोपुर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छात्राओं को वित्तीय साक्षरता, साइबर सुरक्षा और शिकायत निवारण प्रणाली की जानकारी देते हुए ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए गए।

कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने बैंकिंग योजनाओं, डिजिटल लेनदेन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और साइबर अपराधों से बचाव के तरीकों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान डिजिटल युग में ऑनलाइन लेनदेन का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में साइबर ठगों की गतिविधियों से सतर्क रहना आवश्यक है। छात्राओं को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी अन्य व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने तथा सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग अपनाने की सलाह दी गई।

विशेषज्ञों ने साइबर धोखाधड़ी का शिकार होने की स्थिति में तत्काल सहायता प्राप्त करने और शिकायत दर्ज कराने के लिए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी भी दी। इसके साथ ही केवाईसी (KYC) अपडेट रखने के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि बैंकिंग सेवाओं का सुरक्षित उपयोग सुनिश्चित करने के लिए समय-समय पर आवश्यक जानकारी अपडेट रखना जरूरी है।

कार्यक्रम में मनी म्यूल (Money Mule) जैसी साइबर धोखाधड़ी की गतिविधियों के बारे में भी छात्राओं को जागरूक किया गया। विशेषज्ञों ने ऐसी गतिविधियों से बचने के आवश्यक उपायों की जानकारी दी, ताकि छात्राएं डिजिटल वित्तीय लेनदेन के दौरान किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी से सतर्क रह सकें।

इस अवसर पर जिला अग्रणी कार्यालय से जिला अग्रणी प्रबंधक प्रदीप कुमार, सीएफएल की एरिया मैनेजर अंतिमा चौहान, सेंटर मैनेजर कल्पना नागर तथा यूको बैंक से असिस्टेंट विजेंद्र उपस्थित रहे। विद्यालय की प्रधानाचार्य सोनम पाठक, मनीष कुमार शर्मा और धनराज मीना सहित विद्यालय की लगभग 50 से 55 बालिकाओं ने कार्यक्रम में भाग लिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को वित्तीय रूप से जागरूक बनाने के साथ डिजिटल लेनदेन के दौरान आवश्यक सावधानियां अपनाने और साइबर अपराधों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित करना रहा। छात्राओं को बैंकिंग सुरक्षा, साइबर शिकायत प्रक्रिया और धोखाधड़ी से बचाव के व्यावहारिक उपायों की जानकारी देकर सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक किया गया।

Tags: