सवाई माधोपुर में युवाओं को लोकतांत्रिक जागरूकता और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के उद्देश्य से 4 नवम्बर, 2026 को राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में “युवा संवाद” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के मेरा युवा भारत केंद्र की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं को विकसित भारत के संकल्प और लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनकी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा।

यह आयोजन राष्ट्रव्यापी “विकसित भारत युवा संवाद” पहल का हिस्सा है। इसके तहत 26 अक्टूबर से 5 नवम्बर तक देशभर के 500 से अधिक विश्वविद्यालयों, कॉलेजों एवं शैक्षणिक संस्थानों में इस प्रकार के संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य लोकतांत्रिक जागरूकता बढ़ाना, युवाओं की सूचित भागीदारी सुनिश्चित करना और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को प्रोत्साहित करना है।

कार्यक्रम में मंत्रालय की ओर से नामित खेल जगत से जुड़े खिलाड़ी एवं युवा आइकन भी शामिल होंगे। ये युवा प्रतिभागियों को संबोधित करने के साथ उन्हें मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।

राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज के प्राचार्य श्री मनोज सोनी ने बताया कि युवा संवाद युवाओं को लोकतांत्रिक संस्थाओं के समीप लाने और विकसित भारत @2047 के विजन में उन्हें सक्रिय भागीदार बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस आयोजन के माध्यम से युवाओं को लोकतांत्रिक जागरूकता, जिम्मेदार भागीदारी और राष्ट्र निर्माण से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

Tags: