वजीरपुर के विद्यालय परिसर में छात्र VOTE आकार में बैठकर मतदाता जागरूकता का संदेश दे रहे हैं।

पंचायत राज चुनाव 2026 को लेकर सवाई माधोपुर जिले के उपखंड वजीरपुर में मतदाता जागरूकता अभियान के तहत विद्यालयों में विशाल मानव श्रृंखला बनाकर मतदान का संदेश दिया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार आयोजित स्वीप (SVEEP) कार्यक्रम एवं मतदाता जागरूकता पखवाड़े के तहत सैकड़ों छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और ग्रामीणों ने मिलकर VOTE के आकार की मानव श्रृंखला बनाई।

यह कार्यक्रम निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (पंचायत) एवं उपखंड अधिकारी (एसडीएम) वजीरपुर महिपाल सिंह के निर्देशानुसार आयोजित किया गया। इसमें सोहन लाल गुप्ता (उप प्रधानाचार्य) स्वीप प्रभारी वजीरपुर, नरेश सिसोदिया और कमलेश मीणा ने मतदाताओं को जागरूक करने में सक्रिय भूमिका निभाई।

स्वीप प्रभारी सोहन लाल गुप्ता ने बताया कि पंचायत राज चुनाव 2026 के तहत वजीरपुर उपखंड के विभिन्न विद्यालयों में मतदान के प्रति युवाओं की जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यह आयोजन किया गया। मानव श्रृंखला के माध्यम से मतदान के महत्व का संदेश दिया गया। उन्होंने कहा कि पंचायत राज चुनाव को निष्पक्ष, निर्भय एवं नैतिक बनाने के लिए मतदाता जागरूकता आवश्यक है और प्रत्येक मतदाता को अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान युवाओं से अपील की गई कि वे अपने परिवार और गांव के लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करें तथा 100 प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने में अपनी भूमिका निभाएं। महिला स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने भी कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लिया और घर-घर जाकर मतदान का संदेश पहुंचाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने विभिन्न नारों के माध्यम से मताधिकार के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। इनमें "वोट हमारा अधिकार है, लोकतंत्र की शान है", "मेरा मत-मेरा अधिकार", "स्वतंत्रत लोकतंत्र- सशक्त पंचायत", "मतदान से समृद्ध राजस्थान", "युवा शक्ति- लोकतंत्र की शक्ति", "निर्भय-निष्पक्ष और नैतिक मतदान", "मजबूत पंचायत- विकसित राजस्थान", "हम सब ने ठाना है वोट डालने जाना है" और "सारे काम छोड़ दो सबसे पहले वोट दो" जैसे नारे शामिल रहे। इसके अलावा भी अनेक प्रकार के स्लोगन के जरिए मतदान के महत्व को रेखांकित किया गया।

ब्लॉक वजीरपुर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय श्यारोली में प्रभू लाल बेरवा, शेरुद्दीन, फिरोज खान, जितेंद्र वर्मा और दिनेश लाल शर्मा के निर्देशन में कार्यक्रम आयोजित हुआ। वहीं, महात्मा गांधी विद्यालय जोगियों का पूरा सैवाला में रेखा, गोविंद सिंह मीणा और लखन लाल मीणा के निर्देशन में छात्र-छात्राओं ने मानव श्रृंखला बनाई।

इसके अलावा जीवली में बुद्धि प्रकाश मीणा, मोहचा में एसके शर्मा तथा सैवाला और पीलोदा में प्रधानाचार्य कैलाश चन्द गुप्ता के निर्देशन में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने मानव श्रृंखला बनाकर मतदाता जागरूकता अभियान में भाग लिया। विद्यालयों में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से पंचायत राज चुनाव 2026 में अधिकाधिक भागीदारी और 100 प्रतिशत मतदान का संदेश दिया गया।

Tags: