तस्वीर में गंगापुर सिटी रेलवे सुरक्षा बल आउट पोस्ट पर यात्री सुशील कुमार को उनका छूटा हुआ सामान सुरक्षित लौटाते हुए आरपीएफ कर्मी।

कोटा। मुंबई सेंट्रल-काठगोदाम एक्सप्रेस में सफर के दौरान कोटा निवासी एक यात्री का करीब 1.05 लाख रुपये मूल्य का सामान छूट गया। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ‘ऑपरेशन अमानत’ के तहत तत्परता दिखाते हुए गंगापुर सिटी स्टेशन पर बैग बरामद किया और आवश्यक सत्यापन के बाद यात्री को सुरक्षित लौटा दिया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि गाड़ी संख्या 21907 मुंबई सेंट्रल-काठगोदाम एक्सप्रेस के बी-3 कोच की सीट संख्या 12 पर एक यात्री का काले रंग का पिट्ठू बैग छूट गया था। ट्रेन के गंगापुर सिटी स्टेशन पहुंचने पर रेलवे सुरक्षा बल के प्रधान आरक्षक कालूराम मीणा ने तत्काल कोच की जांच की। इस दौरान बैग बरामद कर उसे सुरक्षित रेलवे सुरक्षा बल आउट पोस्ट गंगापुर सिटी में जमा कराया गया।

जांच में सामने आया कि बैग कोटा निवासी यात्री सुशील कुमार का था, जो बोरीवली से कोटा की यात्रा कर रहे थे। कोटा स्टेशन पर उतरते समय जल्दबाजी में उनका बैग सीट पर ही छूट गया था। बैग में एप्पल आईपैड, सैमसंग लैपटॉप, चार्जर, पावर बैंक, ईयरबड्स सहित अन्य सामान रखा था। इसकी अनुमानित कीमत करीब 1.05 लाख रुपये बताई गई।

बाद में यात्री सुशील कुमार गंगापुर सिटी स्थित रेलवे सुरक्षा बल आउट पोस्ट पहुंचे। आवश्यक दस्तावेजों की जांच और सामान की पहचान की पुष्टि करने के बाद सहायक उप निरीक्षक रामकुमार पटेल ने पूरा बैग सामान सहित उन्हें सुरक्षित सुपुर्द कर दिया।

रेलवे सुरक्षा बल की इस कार्रवाई से यात्री का करीब 1.05 लाख रुपये का सामान सुरक्षित वापस मिल गया। कोटा मंडल में ‘ऑपरेशन अमानत’ के तहत की गई इस कार्रवाई में रेलवे सुरक्षा बल के जवानों की तत्परता सामने आई।

Tags: