सवाई माधोपुर: पंचायतीराज चुनाव को लेकर स्ट्रॉन्ग रूम का निरीक्षण, दिए निर्देश
जिला निर्वाचन अधिकारी ने ईवीएम सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी, वाटरप्रूफ टेंट और बारिश के मद्देनजर वैकल्पिक पार्किंग व्यवस्था का जायजा लिया।
सवाई माधोपुर में पंचायतीराज चुनाव से पहले डीएम काना राम ने ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा परखे।
सवाई माधोपुर में पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत 3 नवम्बर को होने वाले मतदान से पहले जिला प्रशासन ने ईवीएम मशीनों की सुरक्षा और चुनावी व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर काना राम ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय स्थित पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय साहूनगर में ईवीएम एवं चुनाव सामग्री के संग्रहण और वितरण केन्द्र (स्ट्रॉन्ग रूम) का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षा सहित सभी आवश्यक प्रबन्ध समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिले की 4 पंचायत समितियों में 3 नवम्बर को होने वाले मतदान की तैयारियों का निरीक्षण करते हुए काना राम ने उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय शर्मा सहित अन्य अधिकारियों को ईवीएम एवं चुनाव सामग्री संग्रहण केन्द्र में साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग को विद्यालय भवन के विभिन्न स्थानों पर पड़े कचरे को हटाने तथा चुनाव सामग्री के वितरण एवं संग्रहण के लिए स्ट्रॉन्ग रूम में समुचित प्रकाश व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि जिन कमरों में ईवीएम मशीनें रखी जाएंगी, वहां बारिश के दौरान सीलन या छत से पानी टपकने की समस्या नहीं होनी चाहिए।
ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी ने विद्यालय परिसर में बेरिकेडिंग दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केन्द्र पर लगे सीसीटीवी कैमरों के संचालन और निगरानी के लिए कंट्रोल रूम में पर्याप्त पावर बैकअप उपलब्ध कराया जाए, ताकि बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में भी सीसीटीवी रिकॉर्डिंग और निगरानी व्यवस्था प्रभावित न हो।
निरीक्षण के दौरान काना राम ने स्ट्रॉन्ग रूम में मौजूद बेल इलेक्ट्रॉनिक्स के इंजीनियर से मतदान दिवस पर ईवीएम मशीनों के प्रबन्धन एवं संचालन में किसी प्रकार की बाधा आने पर मशीन को दुरुस्त करने की निर्धारित प्रक्रिया की जानकारी भी ली।
उन्होंने मतदान दलों की रवानगी से पहले चुनाव अधिकारियों के लिए मतदान सामग्री वितरण की तैयारियों का भी व्यापक निरीक्षण किया। बरसात की आशंका को देखते हुए उन्होंने रवानगी स्थल पर वाटरप्रूफ टेंट लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ईवीएम मशीनों और अन्य मतदान सामग्री को सुरक्षित रखने तथा उन्हें बारिश में भीगने से बचाने के लिए यह व्यवस्था आवश्यक है।
मतदान के बाद जिला मुख्यालय पर मतगणना के लिए ईवीएम मशीनों के संग्रहण के दौरान वाहनों की पार्किंग व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिक बारिश होने की स्थिति में चकचैनपुरा हवाई पट्टी को वैकल्पिक वाहन पार्किंग स्थल के रूप में तैयार रखने के निर्देश दिए।
काना राम ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदान दलों के साथ सुरक्षा जाप्ते के रूप में रवाना होने वाले पुलिसकर्मी निर्धारित समय पर कार्यस्थल पर उपस्थित रहें। वे मतदान अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए ईवीएम मशीनों, चुनाव सामग्री और पूरी चुनाव प्रक्रिया की सुरक्षा सुनिश्चित करें। इसके साथ ही उन्होंने ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम पर निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार पर्याप्त सुरक्षा जाप्ता तैनात करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान रिटर्निंग अधिकारी, पंचायतीराज चुनाव प्रबंधन में तैनात विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी तथा सार्वजनिक निर्माण, रसद, पुलिस, विद्युत सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन की ओर से मतदान से पहले ईवीएम के सुरक्षित संग्रहण, वितरण, परिवहन और मतदान के बाद उनके संग्रहण तक की व्यवस्थाओं को निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुरूप सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।