निकाय चुनाव में भाजपा ने कसी कमर, गंगापुर सिटी वार्ड 31 से बलवीर सोनी ने पर्चा लिया वापस
सवाई माधोपुर और गंगापुर सिटी में निकाय चुनाव की तैयारियां तेज, 11 अभ्यर्थियों ने नामांकन-पत्र वापस लिया, इनमें बलवीर सोनी भी शामिल हैं।
तस्वीर में गंगानगर सिटी के चुनाव कार्यालय में भाषण देते भाजपा नेता दिख रहे हैं।
नगर निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सवाई माधोपुर में भाजपा की नगर निकाय चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष मानसिंह गुर्जर की अध्यक्षता में हुई। जिला प्रवक्ता सुरेन्द्र शर्मा ने बताया कि बैठक में चुनावी रणनीति, जनसंपर्क अभियान और संगठनात्मक तैयारियों पर चर्चा की गई।
निकाय चुनाव प्रभारी मदन प्रजापत की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से चुनावी तैयारियों की समीक्षा की गई। इस दौरान एकजुटता और समन्वय के साथ चुनाव मैदान में उतरने का संकल्प लिया गया।
बैठक के बाद निकाय चुनाव प्रभारी मदन प्रजापत, निकाय संयोजक राजेश गोयल, पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेशचंद जैन, जिला महामंत्री जगदीश अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष हरिओम गर्ग, जिला प्रवक्ता सुरेन्द्र शर्मा, मंडल अध्यक्ष कपिल जैन और रितेश भारद्वाज ने नगर परिषद क्षेत्र में कई चुनावी कार्यालयों का उद्घाटन किया। इस दौरान वार्ड संख्या 56, 11 और 40 के प्रत्याशियों के नामांकन भी भाजपा के पक्ष में वापस करवाए गए।
वहीं, गंगापुर सिटी के वार्ड संख्या 31 में नरसिंह मंदिर के पास योग आश्रम समाधि स्थल पर भाजपा प्रत्याशी विजेंद्र सिंह गुर्जर के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया गया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने चुनाव में पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया।
नगर परिषद चुनाव प्रक्रिया के तहत नामांकन-पत्र वापसी के पहले दिन कुल 11 अभ्यर्थियों ने अपने पर्चे वापस लिए। इनमें चार अभ्यर्थियों ने कांग्रेस से नामांकन-पत्र दाखिल किया था, जबकि एक ने भाजपा से नामांकन-पत्र भरा था। इसके साथ ही इन अभ्यर्थियों ने निर्दलीय फॉर्म भी दाखिल किए थे, लेकिन टिकट नहीं मिलने के बाद अब निर्दलीय फॉर्म भी वापस ले लिए हैं। इससे दोनों ही दलों ने राहत की सांस ली है।
निर्वाचन विभाग के अनुसार वार्ड 17 से हेमराज महावर, वार्ड 18 से घनश्याम, वार्ड 20 से दुलारी देवी, वार्ड 22 से प्रीतम चन्द मित्तल, वार्ड 31 से बलवीर सोनी, वार्ड 33 से जगदीश प्रसाद शर्मा, वार्ड 42 से राशिद खान, वार्ड 45 से सपना कुमारी गुर्जर, वार्ड 46 से महेन्द्र गुर्जर, वार्ड 51 से नजिर अली तथा वार्ड 60 से नियामत अली ने नामांकन-पत्र वापस लिया है।
नामांकन-पत्र वापस लेने की प्रक्रिया 3 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक जारी रहेगी। इसके बाद चुनाव मैदान में शेष प्रत्याशियों की स्थिति स्पष्ट होगी।