ग्रामीणों के सहयोग से कुढ़ाना सरकारी स्कूल को मिलेगी नई उड़ान, 4.50 लाख से होगा विकास
सवाई माधोपुर के कुढ़ाना सरकारी स्कूल को ग्रामीणों ने 1.80 लाख रुपये दिए, राज्यांश से कुल 4.50 लाख रुपये से विकास कार्य होंगे।
तस्वीर में ग्रामीण और अधिकारी सवाई माधोपुर में विद्यालय विकास सहयोग राशि का चेक सौंपते हुए दिख रहे हैं।
राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय कुढ़ाना के भौतिक विकास को ग्रामीणों ने 1 लाख 80 हजार रुपये की सहयोग राशि देकर नई दिशा दी है। सवाई माधोपुर जिले में शिक्षा के क्षेत्र में जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग की ओर से संचालित अभिनव पहल “भविष्य की उड़ान” तथा मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना ग्रामीण क्षेत्रों के राजकीय विद्यालयों के कायाकल्प में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
इसी क्रम में खंडार ब्लॉक के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय कुढ़ाना के भौतिक विकास के लिए ग्रामीणों ने आगे बढ़कर 1 लाख 80 हजार रुपये की सहयोग राशि प्रदान की। विद्यालय विकास के लिए उपलब्ध कराई गई सहयोग राशि का चेक मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना के अंतर्गत जमा कराने के लिए विद्यालय के संस्था प्रधान भेरू लाल मीणा, पीईईओ मुकेश कुमार गुप्ता एवं ग्रामवासियों ने एडीपीसी समग्र शिक्षा हरकेश मीणा की उपस्थिति में जिला कलक्टर काना राम को सौंपा।
इस अवसर पर जिला कलक्टर काना राम ने कहा कि विद्यालय विकास में ग्रामीणों की यह सहभागिता न केवल विद्यालय की भौतिक सुविधाओं को मजबूत करेगी, बल्कि समुदाय और विद्यालय के बीच सहभागिता की भावना को भी और अधिक मजबूत करेगी।
एडीपीसी समग्र शिक्षा हरकेश मीणा ने कहा कि स्थानीय समुदाय और विद्यालय परिवार की सक्रिय भागीदारी से शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव संभव हो रहे हैं। जनसहयोग से विद्यालयों में आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विकास तेजी से हो रहा है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिल रही है।
कार्यक्रम अधिकारी, समग्र शिक्षा हेमराज मीणा ने बताया कि मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना के प्रावधानों के अनुसार विद्यालय को प्राप्त 1.80 लाख रुपये की जनसहयोग राशि पर राज्य सरकार द्वारा लगभग 2.70 लाख रुपये का अतिरिक्त राज्यांश उपलब्ध कराया जाएगा। इस प्रकार विद्यालय को विकास कार्यों के लिए कुल लगभग 4.50 लाख रुपये की राशि प्राप्त होगी।
उन्होंने बताया कि उपलब्ध राशि का उपयोग विद्यालय में चारदीवारी निर्माण, शौचालय निर्माण, विद्यार्थियों के लिए फर्नीचर, कम्प्यूटर एवं पेयजल व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक भौतिक संसाधनों के विकास में किया जाएगा। इन कार्यों से विद्यालय का आधारभूत ढांचा और अधिक सुदृढ़ होगा तथा विद्यार्थियों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण मिलेगा।
इस दौरान विद्यालय विकास समिति अध्यक्ष रामधन मीणा सहित ग्रामवासी रामचरण, मदनमोहन, गिर्राज, रामकेश, बनवारी, बजरंग लाल, रूप सिंह, राधेश्याम, हनुमान, रामरूप, रमेश एवं पवन इत्यादि उपस्थित रहे।