गंगापुर सिटी: लायंस क्लब गरिमा ने छात्राओं के लिए आयोजित किया ‘कृष्ण भोग’
राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में छात्राओं को भोजन कराया गया, सितंबर में जन्मी बालिकाओं का केक कटवाकर जन्मदिन मनाया।
तस्वीर में विद्यालय परिसर में जमीन पर बैठी छात्राओं को महिला भोजन परोसती हुई।
गंगापुर सिटी। लायंस क्लब गंगापुर सिटी गरिमा ने सेवा, संस्कार और आत्मीयता की भावना को साकार करते हुए बुधवार को राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, कल्याण जी गेट, गंगापुर सिटी में ‘कृष्ण भोग’ कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में विद्यालय में अध्ययनरत सभी बालिकाओं को स्नेहपूर्वक स्वादिष्ट भोजन कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान लायंस क्लब गरिमा के सदस्यों ने बालिकाओं के साथ आत्मीय रिश्ता कायम करते हुए सेवा को सम्मान, अपनत्व और संस्कार के रूप में प्रस्तुत किया। भोजन के बाद क्लब सदस्यों ने सभी बालिकाओं को तिलक लगाया, उनके चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया और आकर्षक उपहार भेंट किए। बालिकाओं के चेहरों पर खुशी और आत्मीयता का भाव दिखाई दिया।
कार्यक्रम की एक विशेषता सितम्बर माह में जन्मदिन वाली बालिकाओं के लिए आयोजित जन्मदिन समारोह भी रहा। लायंस क्लब गरिमा की ओर से प्रत्येक माह की भांति सितम्बर माह में भी इन बालिकाओं से केक कटवाया गया और उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गईं। इससे उनका विशेष दिन यादगार बन गया।
‘कृष्ण भोग’ कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं स्टाफ सदस्यों के साथ लायंस क्लब गरिमा के सभी सदस्यों ने भी बालिकाओं के साथ पंक्ति में बैठकर भोजन किया। सामूहिक सहभागिता ने सामाजिक समरसता और समानता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में क्लब अध्यक्ष लायन ओमप्रकाश अग्रवाल, सचिव लायन वीरेंद्र आर्य, रीजन चेयरपर्सन MJF लायन पंकज मंगलम, चार्टर अध्यक्ष लायन सौरभ बरडिया, लायन कृष्ण कुमार गोयल, लायन मुकेश राजाराम मीना, लायन सचिन बंसल, लायन सोमव्रत अग्रवाल, लायन अंकुश सिंघल, लायन मनीष सागवान, लायन मनीष गोयल, लायन कृष्ण कुमार मित्तल, लायन अतुल डंगायच, लायन विश्वनाथ गोयल, लायन हिना गौतम, लायन पूजा मंगलम, लायन भावना गोयल, लायन ज्योति खंडेलवाल, लायन निशा गोयल, लायन मनीषा गोयल, लायन सुधा सिंघल सहित क्लब के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में लायन क्षमा ओम अग्रवाल, लायन सपना सचिन बंसल एवं लायन मेघा सोमव्रत अग्रवाल का विशेष सहयोग एवं संयोजन रहा।
विद्यालय के प्रधानाचार्य विजय सिंह गुर्जर ने कहा, “किसी के चेहरे पर मुस्कान लाना ही सच्ची सेवा है और बेटियों के विशेष अवसर को अपना बनाकर उनकी खुशियों में सहभागी होना उससे भी बड़ी आत्मीयता है।” ‘कृष्ण भोग’ के माध्यम से क्लब ने भगवान श्रीकृष्ण के प्रेम, करुणा और सेवा भाव को बालिकाओं के प्रति सम्मान एवं स्नेह के रूप में अभिव्यक्त किया।
लायंस क्लब गरिमा द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, धर्म एवं राष्ट्रप्रेम के चार प्रमुख स्तंभों को आधार बनाकर निरंतर सेवा गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। विद्यालय को क्लब द्वारा गोद लिए जाने के बाद यहां अध्ययनरत बालिकाओं के शैक्षणिक, सामाजिक एवं भावनात्मक विकास के लिए विभिन्न गतिविधियां नियमित रूप से आयोजित की जाती रही हैं।
“सेवा से संस्कारित समाज, संस्कारित समाज से सशक्त राष्ट्र” की भावना के साथ आयोजित यह कार्यक्रम बालिकाओं के लिए खुशियों, सम्मान और अपनत्व से भरा अवसर बना।