तस्वीर में अधिकारी गंगापुर सिटी कलेक्ट्रेट कक्ष में बैठक के दौरान नजर आ रहे हैं।

गंगापुर सिटी में नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में बुधवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर गंगापुर सिटी के कक्ष में संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें निर्वाचन प्रबंधन, कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, आदर्श आचार संहिता तथा संवेदनशील एवं क्रिटिकल मतदान केन्द्रों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने कहा कि नगरीय निकाय चुनाव को पूर्ण निष्पक्षता, निर्भीकता एवं स्वतंत्रता के साथ संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्वाचन से जुड़ी प्रत्येक गतिविधि की नियमित एवं प्रभावी मॉनिटरिंग करने तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।

उन्होंने संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के मतदान केन्द्रों का भौतिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने और संवेदनशील एवं क्रिटिकल मतदान केन्द्रों पर विशेष निगरानी रखने को कहा। साथ ही चुनाव को प्रभावित करने वाले संभावित असामाजिक तत्वों के विरुद्ध समय रहते आवश्यक निवारक एवं कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदान केन्द्रों पर मतदान दलों एवं मतदाताओं के लिए मूलभूत सुविधाएं पुख्ता करने पर भी जोर दिया। उन्होंने स्वच्छ शौचालय, साफ-सफाई, पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, फॉगिंग तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं गुणवत्तापूर्ण ढंग से समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मतदान केन्द्रों पर प्रवेश एवं निकास व्यवस्था सुचारू रखने के साथ दिव्यांग एवं वृद्ध मतदाताओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने को कहा।

उन्होंने मतदान केन्द्रों के आसपास निर्धारित 100 एवं 200 मीटर की परिधि का स्पष्ट चिन्हांकन कराने तथा मतदाताओं को मतदान केन्द्र तक पहुंचने में सुविधा के लिए आवश्यक दिशा-सूचक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्वाचन आयोग की सभी गाइडलाइन की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

आदर्श आचार संहिता की पालना को लेकर भी जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आचार संहिता के दौरान बिना अनुमति रैली, जुलूस, सभा, होर्डिंग अथवा अन्य प्रचार गतिविधियां संचालित नहीं होनी चाहिए। संबंधित अधिकारियों को इन गतिविधियों की प्रभावी निगरानी करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों एवं कार्मिकों को पूर्ण निष्पक्षता बनाए रखने तथा किसी भी राजनीतिक दल या अभ्यर्थी के पक्ष में कार्य नहीं करने की हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन संबंधी दायित्वों में पक्षपात अथवा नियमों की अवहेलना पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन कार्य से जुड़े सभी अधिकारी एवं कार्मिक अपने दायित्वों का गंभीरता, सतर्कता एवं पूर्ण जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें तथा राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करें।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर सुदर्शन सिंह तोमर ने निर्वाचन संबंधी तैयारियों एवं विभिन्न व्यवस्थाओं की प्रगति की जानकारी दी। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गंगापुर सिटी नारायण लाल शर्मा, उपखण्ड अधिकारी विनोद कुमार गोदारा, तहसीलदार सुरेश विश्नोई, नगरपालिका अधिशासी अधिकारी दीपक चौहान सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Tags: