सरकारी अस्पतालों में स्वच्छता व पेस्ट कंट्रोल पर सख्त निर्देश, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने प्रदेश के सभी चिकित्सा संस्थानों में चूहों व आवारा पशुओं की रोकथाम और नियमित निरीक्षण के आदेश दिए हैं।
प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में मरीजों की सुरक्षा, स्वच्छता और संक्रमण नियंत्रण को लेकर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने मेडिकल कॉलेजों से संबद्ध अस्पतालों से लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तक पेस्ट कंट्रोल, नियमित साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा है। मंत्री ने स्पष्ट किया कि अस्पतालों में मरीजों को सुरक्षित, स्वच्छ और संक्रमणमुक्त वातावरण उपलब्ध करवाना संस्थानों की जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जेमिनी ने बताया कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री ने प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों से संबद्ध अस्पतालों, जिला अस्पतालों, उप जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में नियमित पेस्ट कंट्रोल करवाने के निर्देश दिए हैं। अस्पतालों में चूहों और अन्य कीटों की रोकथाम के लिए प्रभावी व्यवस्था करने के साथ सभी वार्डों, ऑपरेशन थिएटर, आईसीयू, प्रसूति कक्ष, शौचालयों और अन्य चिकित्सा इकाइयों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा इसकी लगातार मॉनिटरिंग करने को कहा गया है।
मंत्री ने अस्पताल भवनों की खिड़कियों, दरवाजों, नालियों और अन्य प्रवेश मार्गों का निरीक्षण कर उन स्थानों को सुरक्षित करने के निर्देश भी दिए हैं, जहां से चूहे और अन्य आवारा पशु अस्पताल परिसर में प्रवेश कर सकते हैं। इसके साथ ही मरीजों और उनके परिजनों को खाद्य सामग्री खुली नहीं छोड़ने के लिए जागरूक करने तथा कैंटीन और भोजन वितरण स्थलों पर खाद्य सामग्री के सुरक्षित रखरखाव एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।
खींवसर ने अस्पतालों में तैनात सुरक्षा गार्डों को निर्धारित जिम्मेदारियों के अनुरूप ड्यूटी करने और वार्डों सहित पूरे अस्पताल परिसर में आवारा पशुओं के प्रवेश पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अस्पताल अधीक्षकों, प्रमुख चिकित्सा अधिकारियों और संस्थान प्रभारियों को स्वयं नियमित रूप से वार्डों एवं अस्पताल परिसर का निरीक्षण करने तथा स्वच्छता और सुरक्षा से जुड़ी कमियों को तत्काल दूर करवाने के लिए कहा है।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट किया कि मरीजों की सुरक्षा और अस्पतालों की स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जहां भी व्यवस्थाओं में कमी या लापरवाही सामने आएगी, वहां संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों की जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीज पहले ही शारीरिक और मानसिक परेशानी से गुजर रहे होते हैं। ऐसे में अस्पतालों में चूहों, आवारा पशुओं या अस्वच्छता के कारण उन्हें अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़े, यह किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। मंत्री ने प्रदेश के सभी राजकीय चिकित्सा संस्थानों में इन निर्देशों की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने पर जोर दिया है।