गंगापुर सिटी के नगर परिषद पार्षद पदम जोशी एक कमरे में सांड के हमले में घायल होने के बाद बैठे दिखाई दे रहे हैं।

गंगापुर सिटी में गोवंश की मदद और रेस्क्यू कार्यों में हमेशा आगे रहने वाले नगर परिषद पार्षद पदम जोशी रविवार शाम को सांड के हमले में घायल हो गए। वे सूचना मिलने पर सांड का रेस्क्यू करने पहुंचे थे, लेकिन इसी दौरान सांड ने उन पर हमला कर दिया।

जानकारी के अनुसार, पदम जोशी को सांड के रेस्क्यू के लिए बुलाया गया था। वे मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान सांड ने उन पर हमला कर दिया, जिससे वे घायल हो गए। उनके घायल होने की सूचना मिलने पर नगर परिषद सभापति कृष्ण कुमार गोयल उनसे मिलने पहुंचे। सभापति ने उनकी कुशलक्षेम जानी और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस दौरान वार्ड नंबर 49 के पार्षद विजय गुप्ता, गिर्राज खेड़ापति एवं भूर सिंह मीणा ठेकेदार भी मौजूद रहे।

पदम जोशी की पहचान केवल नगर परिषद पार्षद के रूप में नहीं, बल्कि गौसेवा और समाजसेवा के लिए तत्पर रहने वाले सेवाभावी व्यक्तित्व के रूप में भी है। शहर में कहीं गोवंश या सांड के रेस्क्यू की आवश्यकता हो, गैस सिलेंडर में आग लगने जैसी आपात स्थिति हो या किसी के घर में सांप निकल आने की सूचना मिले, वे बिना देर किए मदद के लिए पहुंच जाते हैं।

दूसरों की परेशानी में आगे रहकर जरूरतमंदों की सहायता करना उनकी कार्यशैली का हिस्सा रहा है। गोवंश के रेस्क्यू से लेकर आपात परिस्थितियों में लोगों की मदद तक, वे लगातार सक्रिय रहते हैं। हालांकि, रविवार शाम को इसी सेवाभाव के दौरान उन्हें खुद सांड के हमले का सामना करना पड़ा।

घटना के बाद शहरवासियों ने पदम जोशी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। लोगों ने उम्मीद जताई कि वे जल्द स्वस्थ होकर पूर्व की तरह ऊर्जा, साहस और सेवाभाव के साथ गौसेवा एवं समाजसेवा के कार्यों में जुटेंगे।

Tags: