सवाई माधोपुर और गंगापुर सिटी में मतदान केंद्रों पर पहुंचे राज्य निर्वाचन आयुक्त, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
चौथे चरण के मतदान के दौरान आयुक्त ने मच्छीपुरा और अजनोटी केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और संवेदनशील बूथों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह सवाई माधोपुर के मतदान केंद्र पर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ निरीक्षण कर रहे हैं।
सवाई माधोपुर और गंगापुर सिटी में पंचायतीराज चुनाव-2026 के मतदान के दौरान राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर चुनावी व्यवस्थाओं और सुरक्षा इंतजामों की हकीकत परखी। उन्होंने मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संचालित होते देख संतोष जताया और जिला प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए मतदान दलों का उत्साह बढ़ाया। साथ ही संवेदनशील और क्रिटिकल मतदान केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के चतुर्थ चरण के तहत 16 नवम्बर को सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए हुए मतदान के दौरान राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह सवाई माधोपुर एवं गंगापुर सिटी पंचायत समिति क्षेत्र के दौरे पर रहे। उन्होंने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मच्छीपुरा, मैनपुरा एवं अजनोटी सहित विभिन्न मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था और मतदाताओं के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान के शांतिपूर्ण संचालन पर संतोष व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन की ओर से किए गए प्रबंधों की सराहना की।
निरीक्षण के दौरान निर्वाचन आयुक्त ने मतदान कार्मिकों, मतदाताओं और प्रत्याशियों के अभिकर्ताओं से बातचीत कर मतदान केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने मतदान दलों के सदस्यों से उनके कार्य-दायित्व और भूमिका के संबंध में चर्चा की तथा पूरी सतर्कता, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदाताओं की पहचान की समुचित जांच, मतदान केंद्रों पर व्यवस्थित प्रवेश एवं निकास, भीड़ नियंत्रण और केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्रित नहीं होने देने पर विशेष जोर दिया।
राजेश्वर सिंह ने मतदान केंद्रों पर तैनात मतदान दलों के सदस्यों के लिए स्थानीय प्रशासन की ओर से की गई ठहरने, भोजन-पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्थाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी ली। मतदान कार्मिकों ने सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होने की पुष्टि की, जिस पर निर्वाचन आयुक्त ने प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना की।
इसके बाद राज्य निर्वाचन आयुक्त ने जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम तथा पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी से जिले में निर्वाचन प्रक्रिया और सुरक्षा इंतजामों के संबंध में जानकारी ली। अधिकारियों ने संवेदनशील एवं क्रिटिकल मतदान केंद्रों पर तैनात पुलिस जाब्ते, मतदान दलों की व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों से उन्हें अवगत कराया। इस पर सिंह ने पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को भयमुक्त वातावरण में मतदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान समाप्त होने के बाद निर्वाचन सामग्री जमा होने तक सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने पर भी जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान राज्य निर्वाचन आयोग के पर्यवेक्षक ब्रजेश कुमार चांदोलिया, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहित कासनिया, उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय शर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर गंगापुर सिटी सुदर्शन सिंह, एसीईओ शैलेन्द्र सिंह सहित संबंधित प्रशासनिक, निर्वाचन एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। राज्य निर्वाचन आयुक्त के इस निरीक्षण में मतदान प्रक्रिया की निष्पक्षता, मतदाताओं की सुविधा और संवेदनशील मतदान केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लिया गया।