सवाई माधोपुर के मतदान केंद्र में हेल्पडेस्क पर निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह चुनाव कार्मिकों से संवाद करते दिख रहे हैं।

राजस्थान राज्य निर्वाचन आयोग के आयुक्त राजेश्वर सिंह ने पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के चतुर्थ चरण के मतदान के दौरान सोमवार को सवाई माधोपुर जिले में विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर चुनावी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मतदान प्रक्रिया, कार्मिकों की जिम्मेदारियों और सुरक्षा प्रबंधों की जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए।

निर्वाचन आयुक्त सिंह ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मच्छीपुरा में स्थापित आदर्श मतदान केंद्र का दौरा किया। यहां ग्राम पंचायतों के सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान की प्रक्रिया व्यवस्थित तरीके से संचालित होती मिली, जिस पर उन्होंने संतोष जाहिर किया।

निरीक्षण के दौरान सिंह ने मतदान केंद्र के अलग-अलग बूथों पर पहुंचकर मतदान कार्मिकों, मतदाताओं और प्रत्याशियों के अभिकर्ताओं से बातचीत की तथा मतदान व्यवस्था से जुड़ी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने पंचायत समिति गंगापुर के रिटर्निंग अधिकारी, मतदाता हेल्पडेस्क पर मौजूद बीएलओ, पोलिंग बूथ पर तैनात पुलिस कार्मिकों, होमगार्ड और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से भी संवाद किया। इस दौरान उन्होंने मतदान प्रक्रिया में सभी की भूमिका और कार्य-दायित्वों के बारे में जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इससे पहले करौली जिले से सवाई माधोपुर में प्रवेश करने के बाद निर्वाचन आयुक्त ने जिला कलक्टर काना राम से जिले में निर्वाचन प्रक्रिया की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की। वहीं, पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी से मतदान के दौरान की गई सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के चतुर्थ चरण के मतदान के दौरान निर्वाचन आयुक्त का यह निरीक्षण मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाओं, निर्वाचन प्रक्रिया के संचालन और सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण रहा।

Tags: