सवाई माधोपुर में शांतिपूर्ण पंचायत चुनाव पर राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने की प्रशासन की सराहना, नवाचारों को दूसरे जिलों में साझा करने के निर्देश
राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने सवाई माधोपुर में पंचायती राज चुनाव के सफल संचालन पर जिला प्रशासन और नवाचारों की सराहना की।
राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह, जिला कलक्टर काना राम और एसपी ज्येष्ठा मैत्रेयी सवाई माधोपुर में चुनावी बैठक करते हुए।
पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत सवाई माधोपुर जिले में व्यवस्थित, शांतिपूर्ण और त्रुटिरहित चुनावी प्रक्रिया के संचालन पर राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने जिला प्रशासन की सराहना की। सोमवार, 16 नवम्बर को जिला मुख्यालय पर आयोजित उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम, पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी और अन्य अधिकारियों के साथ चुनावी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन, अधिकारियों, मतदान दलों के कार्मिकों और संबंधित सभी लोगों को बधाई दी।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने निर्वाचन आयुक्त के समक्ष प्रस्तुतिकरण के माध्यम से जिले की आठ पंचायत समिति क्षेत्रों में दो चरणों में संचालित मतदान प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार सुगम, व्यवस्थित, निष्पक्ष और सुरक्षित मतदान सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने पर्याप्त व्यवस्थाएं की थीं। मतदान से पहले आमजन को चुनावी प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जागरूकता गतिविधियां भी संचालित की गईं। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप सवाई माधोपुर में जिला परिषद और पंचायत समितियों के चुनाव में पिछली बार की तुलना में अधिक मतदान हुआ है।
राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने जिला प्रशासन की ओर से किए गए विशेष प्रयासों और नवाचारों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि मतदान कार्मिकों को प्रशिक्षण देने के दौरान उनकी परीक्षा लेने का नवाचार बेहद सराहनीय है। इसी तरह जोनल मजिस्ट्रेट और पुलिस सुरक्षा दलों को एक टीम के रूप में नियोजित करने का निर्णय भी मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष और सुरक्षित बनाने की दिशा में प्रभावी कदम है। उन्होंने कहा कि इन नवाचारों को राज्य निर्वाचन आयोग के स्तर पर सूचीबद्ध किया जाएगा और उनका विवरण दूसरे जिलों के साथ भी साझा किया जाएगा, ताकि अन्य जिलों में भी इनका उपयोग किया जा सके।
सिंह ने पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव में आमजन की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से आयोग की ओर से निर्धारित प्रत्याशी प्रबोधन कार्यशाला के आयोजन की जानकारी भी ली। इसके साथ ही उन्होंने जिले में मतदाताओं को जागरूक करने और उन्हें मतदान प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रेरित करने के लिए संचालित गतिविधियों की समीक्षा की। आदर्श मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए उपलब्ध कराई गई विशेष सुविधाओं के संबंध में भी अधिकारियों से चर्चा की और स्थानीय प्रशासन के प्रयासों की सराहना की।
कलक्टर कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में राज्य निर्वाचन आयोग के पर्यवेक्षक ब्रजेश कुमार चांदोलिया, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहित कासनिया, उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय शर्मा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने सवाई माधोपुर की चुनाव प्रक्रिया को सुनियोजित और व्यवस्थित बताया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के प्रयासों से संपूर्ण चुनाव प्रक्रिया का शांतिपूर्ण और त्रुटिरहित क्रियान्वयन हुआ है। उन्होंने बताया कि जिले के कुछ निर्वाचन क्षेत्रों में अप्रत्याशित रूप से बड़ी संख्या में नामांकन सहित कई जटिल परिस्थितियां सामने आईं, इसके बावजूद चुनावी प्रक्रिया का समयबद्ध तरीके से संचालन किया गया।
निर्वाचन आयुक्त ने इसके लिए जिला कलक्टर काना राम और उनकी पूरी टीम की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि बेहतर प्रशिक्षण और प्रशासनिक सजगता के चलते चुनाव के दौरान जिले में कोई भी अप्रिय स्थिति नहीं बनी। सवाई माधोपुर में चुनावी व्यवस्थाओं और प्रशासनिक समन्वय के तहत अपनाए गए नवाचारों को दूसरे जिलों के साथ साझा करने की पहल को भी उन्होंने महत्वपूर्ण बताया।