करौली जिला परिषद में जनजातीय गौरव दिवस पर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि देते अधिकारी।

करौली जिले में भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जन्म जयंती के अवसर पर 15 नवंबर 2026 को जनजातीय गौरव दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस दौरान भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान और आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

समारोह में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (अतिरिक्त जिला कलेक्टर) जगदीश प्रसाद गौड़ एवं जिला संयोजक जनजातीय गौरव दिवस करौली महेंद्र सिंह मीना ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र एवं प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और साहित्य पर विस्तार से प्रकाश डाला।

वक्ताओं ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन साहस, संघर्ष, त्याग और स्वाभिमान का अनूठा प्रतीक है। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन आदिवासी समाज के जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित कर दिया। उनके महान बलिदान ने देश की आने वाली पीढ़ियों के लिए अधिकारों की रक्षा का प्रेरणादायी संदेश दिया है। उनका संघर्ष और योगदान आने वाली पीढ़ियों को निरंतर अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा उनकी रक्षा के लिए प्रेरित करता रहेगा।

समारोह के दौरान भारत सरकार के माननीय प्रधानमंत्री द्वारा जनजातीय गौरव दिवस के संबंध में किए गए सीधे लाइव प्रसारण का भी उत्साहपूर्वक प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में जिला परिषद एवं पंचायत समिति करौली का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर आयोजित इस समारोह के माध्यम से उनके जीवन, संघर्ष, आदिवासी समाज के अधिकारों के प्रति समर्पण और बलिदान को स्मरण किया गया।

Tags: