राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने करौली कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक की।

करौली में पंचायतीराज आम चुनाव-2026 की मतगणना को निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए निर्वाचन आयोग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने रविवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में मतगणना कार्मिकों के विशेष प्रशिक्षण का निर्देशन किया और जिले में निर्वाचन व्यवस्थाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

15 नवंबर को आयोजित इस प्रशिक्षण एवं समीक्षा बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर अक्षय गोदारा तथा पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने कहा कि उन्होंने राज्य के आधे से अधिक जिलों का दौरा कर चुनाव व्यवस्थाओं का जायजा लिया है। इस दौरान सभी जगह सुव्यवस्थित चुनाव प्रबंधन और शांतिपूर्ण मतदान का वातावरण देखने को मिला है।

निर्वाचन अधिकारियों एवं मतदान कार्मिकों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि मतदान कार्यक्रम की अब तक की सफलता निर्वाचन अधिकारियों और मतदान कार्मिकों की उच्च कर्तव्यनिष्ठा, अथक परिश्रम तथा जिम्मेदारी की भावना का परिणाम है।

प्रशिक्षण सत्र में मतगणना कार्मिकों को आगामी मतगणना प्रक्रिया और उनके दायित्वों की विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें मतगणना से पहले की जाने वाली तैयारियों, स्ट्रॉन्ग रूम से निर्वाचन सामग्री की सुरक्षित प्राप्ति एवं संधारण, निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मतों की गणना, प्रपत्रों के सत्यापन और परिणाम संबंधी जानकारी के संकलन की प्रक्रिया समझाई गई। कार्मिकों को निर्देश दिए गए कि मतगणना के प्रत्येक चरण में पूरी सावधानी, शुचिता और निष्पक्षता बनाए रखें।

प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से जारी कार्ययोजना के अनुसार शुक्रवार, 20 नवंबर को राजकीय महाविद्यालय, करौली में मतगणना होगी। पंचायत समिति सदस्यों के मतों की गणना सुबह 8 बजे और जिला परिषद सदस्यों की मतगणना दोपहर 1 बजे से शुरू होगी। जिले की सभी 11 पंचायत समितियों के लिए अलग-अलग मतगणना कक्ष और टेबल निर्धारित किए गए हैं। मतगणना के लिए स्ट्रॉन्ग रूम सुबह 7:45 बजे खोले जाएंगे।

राज्य निर्वाचन आयुक्त ने मतगणना प्रशिक्षण के साथ जिले में निर्वाचन प्रबंधन के अन्य पहलुओं की भी समीक्षा की। सोमवार को होने वाले सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के मतदान की तैयारियों का जायजा लेते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, महिलाओं और अन्य जरूरतमंद मतदाताओं को मतदान के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने मतदान केंद्रों पर पेयजल, बिजली, प्रकाश, शौचालय, साफ-सफाई और दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैम्प जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। संवेदनशील एवं क्रिटिकल मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस जाब्ते की तैनाती और क्षेत्रीय निगरानी की स्थिति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को पूरी सतर्कता के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए गए।

जिला निर्वाचन अधिकारी अक्षय गोदारा ने मतगणना कार्मिकों को पूर्ण अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वैध अनुमति-पत्र और पहचान के आधार पर ही मतगणना अभिकर्ताओं को प्रवेश दिया जाए तथा उनके साथ नियमानुसार व्यवहार किया जाए। किसी भी प्रकार की शंका या समस्या होने पर संबंधित रिटर्निंग अधिकारी अथवा प्रभारी अधिकारी से मार्गदर्शन प्राप्त किया जाए।

प्रशिक्षण में मतगणना की शुद्धता, शुचिता और पारदर्शिता को सर्वोपरि रखने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही प्रत्येक कार्य निर्धारित नियमों और आपसी समन्वय के साथ पूरा करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल ने बताया कि संवेदनशील एवं क्रिटिकल मतदान केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है। शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए पुख्ता सुरक्षा घेरा और सख्त निगरानी व्यवस्था लागू की गई है।

बैठक एवं प्रशिक्षण में चुनाव पर्यवेक्षक प्रहलाद सहाय नागा, उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर जगदीश प्रसाद गौड़, समस्त रिटर्निंग अधिकारी, सहायक निदेशक सूचना एवं जनसम्पर्क धर्मेंद्र कुमार मीणा सहित अन्य संबंधित अधिकारी और मतगणना कार्मिक उपस्थित रहे। करौली जिले में आगामी मतदान और 20 नवंबर को होने वाली मतगणना के लिए प्रशासनिक, तकनीकी और सुरक्षा संबंधी तैयारियों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप पूरा करने पर जोर दिया गया।

Tags: