तस्वीर में सवाई माधोपुर में आयोजित महावर समाज के समारोह के दौरान अतिथि एक व्यक्ति को स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र भेंट करते हुए नजर आ रहे हैं।

महावर समाज का प्रतिभा सम्मान समारोह एवं युवक-युवती परिचय सम्मेलन 30 अगस्त, रविवार को रेलवे संस्थान (लोको), रेलवे स्टेशन सवाई माधोपुर में हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। समारोह में शैक्षणिक उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं के साथ नवनियुक्त सरकारी कर्मचारी एवं अधिकारियों का सम्मान किया गया। वहीं युवक-युवती परिचय सम्मेलन में 64 युवक-युवतियों का परिचय कराया गया।

जिलाध्यक्ष बद्रीलाल महावर ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारम्भ महात्मा बुद्ध के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। प्रतिभा सम्मान समारोह और युवक-युवती परिचय सम्मेलन का आयोजन एक साथ किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन राजेंद्र कुमार महावर, घनश्याम लाल महावर एवं ओमप्रकाश महावर ने किया।

समारोह के मुख्य अतिथि भूरा लाल महावर रहे। विशिष्ट अतिथियों में डॉ. धनराज महावर, कुलदीप सिंह महावर, देवीलाल महावर, बाबूलाल महावर आदि शामिल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष बद्री लाल महावर ने की।

समारोह में सत्र 2025-26 में कक्षा 10वीं में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले 23 छात्र-छात्राओं, कक्षा 12वीं में 75 प्रतिशत एवं उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले 32 छात्र-छात्राओं तथा स्नातक एवं स्नातकोत्तर में 60 प्रतिशत एवं उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले 8 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इसके अलावा 15 नवनियुक्त सरकारी कर्मचारी एवं अधिकारियों का भी सम्मान किया गया। इस प्रकार कुल 78 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।

युवक-युवती परिचय सम्मेलन में 22 युवतियों एवं 42 युवकों का परिचय कराया गया। सम्मेलन में युवक-युवतियों के साथ उनके माता-पिता ने भी भाग लिया।

समाजबंधुओं को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष बद्री लाल महावर ने समाज में व्याप्त कुप्रथाओं और परंपराओं का अंधानुकरण नहीं करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने मृत्यु भोज को बिल्कुल बंद करने का आह्वान किया। विवाह संबंधों में चार गोत्र में से नानी का गोत्र हटाकर स्वयं के, माता के एवं दादी के गोत्र का ही मिलान करने का निर्णय लिया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में मूलचंद महावर, कंवरपाल महावर, ताराचंद महावर, सुरेंद्र महावर, भंवरलाल महावर, बल्लभ महावर, जगमोहन महावर, श्यामलाल महावर, राम प्रसाद महावर, रामस्वरूप महाभारत, राजू महावर आदि ने भरपूर सहयोग किया। समारोह में प्रतिभाओं के सम्मान और युवक-युवती परिचय के साथ समाज में कुप्रथाओं को समाप्त करने तथा विवाह संबंधों को लेकर लिए गए निर्णय प्रमुख रहे।

Tags: