राजकीय जिला चिकित्सालय में बालाजी के छप्पन भोग की भव्य झांकी, दर्शन को उमड़े श्रद्धालु
गंगापुर सिटी के राजकीय जिला चिकित्सालय परिसर स्थित हनुमान मंदिर में छप्पन भोग का आयोजन हुआ, जहां श्रद्धालुओं ने दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
तस्वीर में गंगापुर सिटी स्थित राजकीय जिला चिकित्सालय परिसर के हनुमान मंदिर का दृश्य दिख रहा है, जहां मंदिर परिसर को गुब्बारों से सजाया गया है और छप्पन भोग की झांकी के सामने श्रद्धालु नजर आ रहे हैं।
गंगापुर सिटी स्थित राजकीय जिला चिकित्सालय परिसर में हनुमान जी मंदिर पर रविवार को छप्पन भोग का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर को गुब्बारों, लाइटों और फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया। शाम 5:00 बजे छप्पन भोग की झांकी सजाकर श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए मंदिर के पट खोले गए।
छप्पन भोग के अवसर पर ओम प्रकाश सर मथुरा, वेद प्रकाश मंगल, योगेश, राकेश, दीनदयाल आदि ने दर्शनलाभ प्राप्त कर सुख-समृद्धि की कामना की। हनुमान जी महाराज की आरती के बाद दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
मंदिर पुजारी सुदामा मिश्र ने बताया कि वे मंदिर में 20 वर्षों से पूजा-अर्चना कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि आने वाले भक्तों की बालाजी महाराज मनोकामना पूर्ण करते हैं। मंदिर में गणेश जी महाराज, चौथ माता, मां दुर्गा देवी और शीतला माता की मूर्तियां भी विराजमान हैं।
आयोजक ओम प्रकाश गुप्ता सर मथुरा वालों ने बताया कि छप्पन भोग लगाने के दूसरे दिन सोमवार को भंडारे में प्रसादी का वितरण किया गया। इस दौरान सैकड़ों भक्तों ने पंगत में बैठकर प्रसादी ग्रहण की।