तस्वीर में सवाई माधोपुर के मानटाउन स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में नगरीय निकाय चुनाव के तहत आयोजित मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को संबोधित करते अधिकारी और बैठी हुई छात्राएं दिखाई दे रही हैं।

सवाई माधोपुर में नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के मद्देनजर मतदाता जागरूकता अभियान के तहत सोमवार को राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, मानटाउन में मतदाता जागरूकता प्रश्नोत्तरी आयोजित की गई। प्रश्नोत्तरी में छात्राओं ने मतदान और मतदाता जागरूकता से जुड़े विभिन्न सवालों के मौखिक उत्तर देकर अपने मतदान संबंधी ज्ञान का प्रदर्शन किया।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर काना राम तथा जिला नोडल स्वीप प्रभारी एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद मोहित कासनिया के निर्देशानुसार नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 में अधिकाधिक मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में सतरंगी सप्ताह के तहत विभिन्न मतदाता जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

जिला स्वीप कोऑर्डिनेटर संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि इसी क्रम में राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, मानटाउन में प्रश्नोत्तरी आयोजित की गई। जिला नोडल स्वीप प्रभारी एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहित कासनिया की उपस्थिति में छात्राओं ने मतदान एवं मतदाता जागरूकता से संबंधित प्रश्नों के मौखिक उत्तर दिए।

प्रश्नोत्तरी के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को जिला प्रशासन की ओर से ट्रॉफियां प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर मोहित कासनिया ने छात्राओं को मतदान के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं से अपने अभिभावकों एवं परिवारजनों को निष्पक्ष, निर्भय और बिना किसी प्रलोभन के मतदान करने के लिए प्रेरित करने तथा आसपास के लोगों को भी लोकतंत्र के महापर्व में सक्रिय भागीदारी के लिए जागरूक करने का आह्वान किया।

मोहित कासनिया ने कहा कि जागरूक युवा एवं भावी मतदाता लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। प्रत्येक पात्र मतदाता अपने मताधिकार का सही एवं जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करे, यही स्वीप गतिविधियों का प्रमुख उद्देश्य है।

सतरंगी सप्ताह के तहत जिला प्रशासन युवाओं, नए मतदाताओं एवं आमजन को मतदान के प्रति जागरूक करते हुए स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं निर्भीक मतदान के लिए प्रेरित कर रहा है। प्रशासन ने जिलेवासियों से आगामी नगरीय निकाय आम चुनाव में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अधिकाधिक मतदान करने की अपील की है।

कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्य कल्पना शर्मा, सोनिया शर्मा, सीमा मीणा, गीता जैलिया सहित शिक्षिकाएं तथा स्वीप टीम से हुकमचन्द नामा, मनीष कुमार शर्मा, विजेंद्र पाल सिंह आमेरा, सुनील गर्ग एवं चन्द्रप्रकाश शर्मा उपस्थित रहे।

Tags: