गंगापुर सिटी: 10 अक्टूबर को रोडवेज स्मार्ट कार्ड शिविर और प्रश्नोत्तरी
उदेई मोड़ पर अग्रसेन जयंती के तहत 60 वर्ष से अधिक के वरिष्ठजनों के रोडवेज स्मार्ट कार्ड बनेंगे और विद्यार्थियों की प्रश्नोत्तरी आयोजित होगी।
गंगापुर सिटी में बैठक के दौरान माला पहने समिति सदस्य और पदाधिकारी।
गंगापुर सिटी। श्री अग्रसेन कर्मचारी विकास समिति, उदेई मोड़ की बैठक डॉ. रिद्धिचंद अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में महामंत्री सतीश गुप्ता ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जबकि विनय गुप्ता कोटे महोली ने आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम संयोजक एवं सेवानिवृत्त लेखाधिकारी सुरेश चंद गुप्ता ने बताया कि अग्रवाल समाज समिति, उदेई मोड़ के तत्वावधान में श्री अग्रसेन कर्मचारी विकास समिति की ओर से अग्रसेन जयंती 2026 के अवसर पर वरिष्ठ अग्रजनों के लिए रोडवेज स्मार्ट कार्ड शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर 10 अक्टूबर 2026 को सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक अग्रसेन सेवा सदन, उदेई मोड़ में लगेगा।
शिविर में 60 वर्ष से अधिक आयु के पुरुषों एवं 80 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के रोडवेज स्मार्ट कार्ड बनाए जाएंगे। पात्र लाभार्थियों के लिए आधार कार्ड, जन आधार कार्ड, रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो एवं मोबाइल नंबर साथ लाना आवश्यक होगा। पात्र वरिष्ठजन समय पर पहुंचकर पंजीयन करवाकर रोडवेज की रियायती यात्रा सुविधा का लाभ ले सकेंगे।
अग्रसेन जयंती के अवसर पर समिति की ओर से अग्र प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम 10 अक्टूबर 2026 को दोपहर 3 बजे से अग्रसेन सेवा सदन, उदेई मोड़ में होगा। कार्यक्रम के संयोजक मुकेश गुप्ता मोहली तथा सह संयोजक संजेश गुप्ता और पवन कंपाउंडर बनाए गए हैं।
अग्र प्रश्नोत्तरी में कनिष्ठ वर्ग में कक्षा 4 से 8 तथा वरिष्ठ वर्ग में कक्षा 9 से 12 के अग्र विद्यार्थी भाग ले सकेंगे। इसके लिए विद्यार्थी पूर्व में भी पंजीयन करवा सकेंगे।
बैठक में नरेंद्र, दामोदर, पुरुषोत्तम, नरेश, प्रवीण, योगेश, विष्णु, महादेव, राजेंद्र गैरई सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहे। अग्रसेन जयंती के तहत आयोजित होने वाले दोनों कार्यक्रमों की तैयारियों और पात्र लाभार्थियों के पंजीयन को लेकर समिति ने कार्यक्रम की जानकारी साझा की।