पंचायत समिति सभागार में अधिकारियों के सामने टेबल पर बैठी छात्राएं और ट्रांसपेरेंट जार।

हिंडौन सिटी। पंचायत समिति सभागार में गुरुवार को ग्राम पंचायतों और वार्डों के आरक्षण की लॉटरी प्रक्रिया के दौरान छात्राओं के हाथों निकली पर्चियों ने पूरी प्रक्रिया को अलग रूप दे दिया। अधिकारियों की मौजूदगी में बालिका चारु अग्रवाल समेत छह छात्राओं ने तीन राउंड में पर्चियां निकालकर कई ग्राम पंचायतों और वार्डों के आरक्षण निर्धारण में अपनी भूमिका निभाई। छात्राओं के लिए यह अनुभव उत्साह और कौतूहल से भरा रहा। उनका कहना था कि उन्हें पर्चियां निकालने में मजा आया।

सुबह 10 बजे शुरू हुई आरक्षण लॉटरी प्रक्रिया शाम तक चली। इसमें पंचायत समिति हिंडौन, श्रीमहावीरजी और नवगठित पंचायत समिति शेरपुर-सूरौठ की ग्राम पंचायतों एवं उनके वार्डों का आरक्षण तय किया गया। प्रक्रिया तीन राउंड में पूरी की गई और प्रत्येक राउंड में दो-दो छात्राओं से पर्चियां निकलवाई गईं।

सबसे पहले पंचायत समिति हिंडौन, इसके बाद श्रीमहावीरजी और अंत में नवगठित पंचायत समिति शेरपुर-सूरौठ की लॉटरी हुई। पहले राउंड में पंचायत समिति हिंडौन की ग्राम पंचायतों और वार्डों का आरक्षण निकाला गया। इसके बाद श्रीमहावीरजी और तीसरे राउंड में नवगठित पंचायत समिति शेरपुर-सूरौठ की ग्राम पंचायतों एवं वार्डों का आरक्षण तय किया गया।

पर्ची निकलते ही संबंधित ग्राम पंचायत से आए लोगों की निगाहें परिणाम पर टिक जाती थीं। किसी पंचायत का नाम सामने आते ही वहां मौजूद लोग आपस में चर्चा करने लगते। आरक्षण की प्रक्रिया आगे बढ़ने के साथ ही गांवों में आगामी पंचायत चुनाव की संभावित तस्वीर को लेकर चर्चाएं भी तेज होती गईं।

पूरी प्रक्रिया रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम महेशचन्द्र मान, तहसीलदार सीमा बघेल, सूरौठ तहसीलदार अशोक कुमार, श्रीमहावीरजी तहसीलदार श्रीराम मीना सहित संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कराई गई। इस दौरान अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी दयाल सिंह सोलंकी, शिक्षा अधिकारी राजवीर सिंह, हिंडौन विकास अधिकारी रमेशचंद पंवार, श्रीमहावीरजी विकास अधिकारी ज्ञान सिंह, उपकोषाधिकारी रविशंकर गुप्ता और विधायक अनीता जाटव मौजूद रहीं।

Tags: