तस्वीर में जीत के बाद पारंपरिक और औपचारिक कपड़ों में खड़े भाजपा कार्यकर्ता नजर आ रहे हैं।   



 

जिले की दो प्रमुख नगरीय निकायों में सभापति और अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा ने बहुमत के साथ स्थानीय निकायों की कमान संभाल ली। राजसमंद नगर परिषद में अनीता पालीवाल सभापति और नाथद्वारा नगर पालिका में परेश सोनी अध्यक्ष निर्वाचित हुए। दोनों चुनाव परिणामों के बाद भाजपा खेमे में जश्न का माहौल रहा।

राजसमंद नगर परिषद के 45 वार्डों में भाजपा के 27 पार्षद थे। तीन निर्दलीय पार्षदों का समर्थन मिलने के बाद भाजपा के पक्ष में 30 पार्षदों का आंकड़ा पहुंच गया। वहीं कांग्रेस के 14 पार्षदों के साथ एक निर्दलीय पार्षद का समर्थन बताया गया। बहुमत के आधार पर भाजपा की अनीता पालीवाल ने सभापति पद की कमान संभाली। रिटर्निंग अधिकारी ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। निर्वाचन के बाद भाजपा खेमे में उत्साह और जश्न का माहौल रहा।

नाथद्वारा नगर पालिका के 40 वार्डों में भाजपा के 20, कांग्रेस के 19 और एक निर्दलीय पार्षद थे। अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा के परेश सोनी के पक्ष में 23 वोट पड़े, जबकि बहुमत के लिए 21 वोट जरूरी थे। भाजपा के 20 पार्षदों के साथ तीन अतिरिक्त वोट मिलने से परेश सोनी ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की।

नाथद्वारा में भाजपा के पक्ष में आए तीन अतिरिक्त वोटों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। 20-19-1 के गणित में तीन अतिरिक्त वोट कहां से आए, इसे लेकर सियासी गलियारों में अलग-अलग चर्चाएं हैं।

दोनों निकायों के चुनाव परिणाम के बाद राजसमंद और नाथद्वारा में भाजपा ने स्थानीय निकाय की कमान अपने हाथों में ले ली है। इस चुनावी नतीजे के साथ दोनों प्रमुख नगरीय निकायों में सभापति और अध्यक्ष पद पर भाजपा का नेतृत्व स्थापित हुआ।

Tags: