प्रतापगढ़ जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत पुलिस ने अफीम तस्करी के मामले में एक माह से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। कोटड़ी थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज प्रकरण में वांछित जेठाराम को 12 नवंबर को डिटेन करने के बाद गिरफ्तार किया। आरोपी की तलाश 1 किलो 45 ग्राम अवैध अफीम की बरामदगी से जुड़े मामले में की जा रही थी।

पुलिस के अनुसार, 12 अक्टूबर 2026 को अरनोद थाना पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर एक मकान की तलाशी ली थी। तलाशी के दौरान श्रवणराम और राजेंद्र उर्फ राजू के कब्जे से 1 किलो 45 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई थी। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया था।

पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने खुलासा किया था कि वे अफीम जेठाराम से लेकर आए थे और इसे सोहनलाल को देने जा रहे थे। मामले में पुलिस सोहनलाल को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि अफीम उपलब्ध कराने के आरोप में जेठाराम एक माह से फरार चल रहा था।

प्रकरण के अनुसंधान के दौरान कोटड़ी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 12 नवंबर को जेठाराम को डिटेन किया और बाद में गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जेठाराम पिता जयनारायण शर्मा (42) निवासी झंवर, जिला जोधपुर के रूप में हुई है। वह वर्तमान में अरनोद के गोतम नगर में रह रहा था।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विशाल जांगिड के निर्देशन, एएसपी जयदेव सियाग एवं डीएसपी चंद्रशेखर पालीवाल के मार्गदर्शन में थानाधिकारी ठाकराराम के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में बहादुर सिंह, राकेश, जयपाल सिंह और राजेंद्र कुमार शामिल रहे। एक किलो से अधिक अफीम की बरामदगी से जुड़े इस प्रकरण में मुख्य रूप से वांछित आरोपी की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने अनुसंधान में आगे की कार्रवाई की है।

Tags: