केसुन्दा ग्राम पंचायत में कांग्रेस की ऐतिहासिक हैट्रिक, शांतिबाई भील तीसरी बार निर्विरोध सरपंच निर्वाचित
ग्राम पंचायत केसुंदा में सरपंच समेत सभी वार्ड पंच भी सर्वसम्मति से चुने गए, पूर्व मंत्री उदयलाल आंजना के पैतृक गांव में बना ऐतिहासिक रिकॉर्ड।
केसुंदा ग्राम पंचायत में निर्विरोध निर्वाचित सरपंच शांतिबाई भील समर्थकों के साथ दिख रही हैं।
राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले की छोटी सादड़ी तहसील स्थित ग्राम पंचायत केसुन्दा में पंचायत चुनाव के दौरान ऐतिहासिक घटनाक्रम सामने आया है। यहां वर्तमान सरपंच शांतिबाई भील ने लगातार तीसरी बार निर्विरोध निर्वाचित होकर जीत की ऐतिहासिक हैट्रिक बनाई है। खास बात यह रही कि ग्राम पंचायत के सभी वार्ड पंच भी निर्विरोध चुने गए।
केसुन्दा ग्राम पंचायत राजनीतिक दृष्टि से पूरे क्षेत्र में महत्वपूर्ण स्थान रखती है। यह पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना, पूर्व प्रधान मनोहर लाल आंजना और पूर्व उपप्रधान विक्रम आंजना का पैतृक गांव है। ऐसे राजनीतिक रूप से प्रतिष्ठित गांव में किसी जनप्रतिनिधि का लगातार तीन बार बिना किसी विरोध के सर्वसम्मति से सरपंच चुना जाना विशेष घटनाक्रम माना जा रहा है। इसकी चर्चा पूरे प्रतापगढ़ जिले में हो रही है।
कांग्रेस समर्थित सरपंच शांतिबाई भील पर ग्रामीणों ने एक बार फिर भरोसा जताते हुए उन्हें निर्विरोध चुना है। स्थानीय लोगों के अनुसार, लगातार तीन बार निर्विरोध निर्वाचन उनकी बेदाग छवि, निष्पक्ष कार्यशैली और क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों का परिणाम है।
शांतिबाई भील की इस ऐतिहासिक हैट्रिक की घोषणा के बाद केसुन्दा सहित पूरे छोटी सादड़ी क्षेत्र में समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह का माहौल है। इस अवसर पर पूर्व उपप्रधान विक्रम आंजना और कार्यकर्ताओं ने नवनिर्वाचित सरपंच शांतिबाई भील सहित सभी निर्विरोध निर्वाचित वार्ड पंचों का जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया।
केसुन्दा ग्राम पंचायत में लगातार तीसरी बार सरपंच और सभी वार्ड पंचों का निर्विरोध निर्वाचन क्षेत्र की राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम बनकर सामने आया है।