प्रतापगढ़ पुलिस ने 409 किलो 25 ग्राम अवैध डोडाचूरा तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी महेंद्र विश्नोई को बालोतरा से गिरफ्तार किया है। आरोपी सितंबर 2024 में रठांजना थाना क्षेत्र में हुई डोडाचूरा जब्ती के मामले में वांछित था। हथुनिया थाना पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ा।

जिला पुलिस अधीक्षक विशाल जांगिड़ के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयदेव सियाग और प्रतापगढ़ वृत्ताधिकारी बाबूलाल मुरारिया के मार्गदर्शन में हथुनिया थानाधिकारी उदयवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई थी। टीम ने आरोपी की तलाश के बाद उसे बालोतरा से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, 6 सितंबर 2024 को रठांजना थाना पुलिस ने कनौरा फंटे पर नाकाबंदी की थी। इसी दौरान एक स्कॉर्पियो चालक ने पुलिस की नाकाबंदी तोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने वाहन का पीछा किया तो चालक और परिचालक स्कॉर्पियो को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें रखे 21 प्लास्टिक के कट्टों से 409 किलो 25 ग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ।

इस मामले में अनुसंधान के दौरान वाहन मालिक सहित तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, लेकिन महेंद्र विश्नोई घटना के समय से ही फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस ने उस पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था।

पुलिस को 30 अक्टूबर को आरोपी के बालोतरा में मौजूद होने की सूचना मिली। इसके बाद हथुनिया थाना पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में हथुनिया थाना पुलिस के साथ प्रतापगढ़ साइबर सेल की टीम भी शामिल रही।

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से मामले के संबंध में आगे पूछताछ कर रही है और प्रकरण में अनुसंधान जारी है। 409 किलो 25 ग्राम डोडाचूरा की बरामदगी से जुड़े इस मामले में महेंद्र विश्नोई की गिरफ्तारी के साथ लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों में से एक को पकड़ने में पुलिस को सफलता मिली है।

Tags: