छोटीसादड़ी नगरपालिका परिसर में प्लास्टिक मुक्त अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली गई।

छोटीसादड़ी। प्लास्टिक और पॉलीथिन के बढ़ते उपयोग से पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए गुरुवार को नगरपालिका छोटीसादड़ी की ओर से प्लास्टिक मुक्त अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली गई। नगरपालिका परिसर से शुरू हुई रैली को नगरपालिका अध्यक्ष प्रदीप व्यास ने पार्षदों एवं जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

राज्य सरकार के निर्देशों की पालना में आयोजित इस अभियान के दौरान नगरपालिका अधिशाषी अधिकारी गणपत लाल खटीक एवं स्वच्छता नोडल अधिकारी संदीप भावसार के निर्देशन में आमजन को प्लास्टिक और पॉलीथिन के इस्तेमाल से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। रैली के माध्यम से लोगों को दैनिक जीवन में प्लास्टिक और पॉलीथिन का उपयोग नहीं करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए कपड़े और जूट के थैलों को अपनाने की अपील की गई।

इस दौरान पार्षद पुरुषोत्तम उपाध्याय, अमर सिंह आंजना, पुष्पेंद्र कुमावत, गोविन्द राव मराठा, पूर्व पार्षद सुमित शर्मा एवं राकेश इंदौरा सहित वरिष्ठ लिपिक अर्जुन लाल खारोल, स्वास्थ्य जमादार सम्पतलाल, दिनेश कुमार तथा नगरपालिका के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। नगरपालिका की इस पहल के जरिए प्लास्टिक मुक्त अभियान का संदेश आमजन तक पहुंचाते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।

Tags: