प्रतापगढ़ में नीमच नाके फायरिंग मामले की निष्पक्ष जांच को लेकर वसीठा धोबी समाज ने एसपी को ज्ञापन सौंपा।

प्रतापगढ़। दीपावली की रात नीमच नाके पर हुई फायरिंग की घटना अब नया विवाद खड़ा कर रही है। मामले में गिरफ्तार युवकों को निर्दोष बताते हुए समस्त वसीठा धोबी समाज ने जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा है। समाज ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष की ओर से दर्ज एफआईआर के आधार पर उनके युवकों को झूठा फंसाकर गिरफ्तार किया गया, जबकि महिलाओं की शिकायत पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

ज्ञापन में समाज की ओर से बताया गया कि 8 नवंबर की रात समाज के कुछ युवक प्रतापगढ़ बायपास पर फोटो और वीडियो बना रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के कुछ युवकों पर समाज की दो महिलाओं के साथ छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार और जातिसूचक गाली-गलौज करने के आरोप लगाए गए। समाज का दावा है कि इसके बाद मालीखेड़ा स्थित नीमच नाके पर पहुंचे कुछ लोगों ने चाकू, पिस्टल और हॉकी से हमला किया तथा फायरिंग भी की।

समाज ने आरोप लगाया कि पूरे घटनाक्रम के बाद दूसरे पक्ष की ओर से एफआईआर दर्ज करवाई गई, जिसके आधार पर उनके युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, महिलाओं की ओर से 9 नवंबर को दी गई शिकायत पर अब तक पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। इस कथित भेदभावपूर्ण कार्रवाई को लेकर समाज ने निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है।

ज्ञापन में हितेश धोबी, अक्षतसिंह, कुलदीपसिंह भाटी और विनय राठौर की गिरफ्तारी को गलत बताते हुए उनकी रिहाई की मांग की गई। साथ ही महिलाओं से छेड़छाड़, जातिगत अपमान और मारपीट के आरोपों में अलग से मुकदमा दर्ज कर संबंधित पक्ष के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग भी की गई।

गौरतलब है कि पुलिस के अनुसार, 9 नवंबर की रात नीमच नाके पर अनिल गुर्जर पर पिस्टल से तीन फायर किए गए थे। इस दौरान एक गोली उसकी कमर में लगी थी। घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी और अभय कमांड सेंटर के फुटेज के आधार पर चार युवकों को डिटेन किया था।

अब इस मामले में समस्त वसीठा धोबी समाज ने पुलिस के सामने अपना पक्ष रखते हुए गिरफ्तार युवकों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने और महिलाओं की शिकायत पर कार्रवाई करने की मांग की है। फायरिंग की घटना के साथ सामने आए इन आरोपों ने मामले की जांच को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।

Tags: