तस्वीर में प्रतापगढ़ जिले के धमोतर थाना क्षेत्र में नाता विवाह की रंजिश के चलते ईश्वरलाल मीणा की हत्या के मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी लक्ष्मण मीणा और उसका साथी राजमल मीणा नजर आ रहे हैं।

प्रतापगढ़ जिले के धमोतर थाना क्षेत्र में नाते विवाह की रंजिश को लेकर ईश्वरलाल मीणा की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी और उसके एक साथी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल लट्ठ और मोटरसाइकिल भी बरामद की है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, धोलीमगरी निवासी ईश्वरलाल मीणा ने करीब तीन महीने पहले मेरियाखेड़ी निवासी रकमा के साथ नाता विवाह किया था। इसके बाद दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। 7 नवंबर की रात ईश्वरलाल और रकमा उटाखेड़ा बावजी के दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद दोनों रकमा के पिता के घर पहुंचे।

आरोप है कि रात करीब 10 से 11 बजे के बीच रकमा का पूर्व पति लक्ष्मण मीणा अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा। नाते विवाह को लेकर चल रही रंजिश के चलते आरोपियों ने ईश्वरलाल पर लट्ठों से हमला कर दिया। हमले में गंभीर चोट लगने से ईश्वरलाल की मौत हो गई। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी लक्ष्मण मीणा को 12 नवंबर को मेरियाखेड़ी के जंगलों के पास से डिटेन किया गया। पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया लट्ठ और मोटरसाइकिल बरामद की।

इसके बाद पुलिस ने 13 नवंबर को उसके साथी राजमल मीणा को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लक्ष्मण मीणा (48) निवासी मेरियाखेड़ी और राजमल मीणा (24) निवासी बुझो का फला, मेरियाखेड़ी के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य वांछित आरोपियों की तलाश की जा रही है। नाते विवाह की रंजिश में हुई इस हत्या के मामले में अब तक दो आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ वारदात में इस्तेमाल किए गए सामान की बरामदगी की गई है।

Tags: