प्रतापगढ़ में खेत पर करंट लगने से पिता-पुत्र की मौत के बाद अस्पताल के बाहर जुटे ग्रामीण और परिजन।

प्रतापगढ़। जिले के सुहागपुरा थाना क्षेत्र के करौली गांव में खेत पर कृषि कार्य के दौरान करंट लगने से पिता-पुत्र की मौत हो गई। मंगलवार को हुई इस घटना का पता रात करीब 10 बजे चला, जब दोनों के घर नहीं लौटने पर श्यामलाल मीणा की पत्नी उन्हें तलाशने खेत पर पहुंची। वहां दोनों अचेत अवस्था में पड़े मिले। जिला चिकित्सालय में जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान श्यामलाल मीणा (34) पुत्र नागजी मीणा और ईश्वरलाल मीणा (20) पुत्र श्यामलाल मीणा, निवासी करौली के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, पिता-पुत्र मंगलवार को अपने ही खेत पर कृषि कार्य कर रहे थे। इसी दौरान दोनों विद्युत करंट की चपेट में आ गए और अचेत हो गए।

रात करीब 10 बजे तक पिता-पुत्र के घर नहीं पहुंचने पर श्यामलाल की पत्नी उनकी तलाश में खेत पर गई। वहां दोनों को अचेत अवस्था में पड़ा देखकर परिजनों और ग्रामीणों को सूचना दी गई। इसके बाद परिजन और ग्रामीण दोनों को जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, खेत पर विद्युत लाइन में फॉल्ट होने से करंट लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

घटना की सूचना मिलने पर सुहागपुरा थाने के जांच अधिकारी बालूराम जिला चिकित्सालय की मोर्चरी पहुंचे। मृतक के पिता नागजी ने पुलिस को रिपोर्ट दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

एक ही परिवार में पिता-पुत्र की एक साथ मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। इस घटना के बाद करौली गांव में भी मातम पसरा हुआ है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता अब पुलिस की जांच के बाद ही चल सकेगा।

Tags: