अहिंसा नगर के लोग प्रतापगढ़ नगर परिषद अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए दिख रहे हैं।

प्रतापगढ़ के आबकारी रोड स्थित अहिंसा नगर कॉलोनी में आवासीय क्षेत्र के बीच संचालित पशुबाड़े और गोबर के ढेर से स्थानीय लोग परेशान हैं। बदबू और गंदगी की समस्या से राहत दिलाने की मांग को लेकर कॉलोनीवासियों ने नगर परिषद आयुक्त और सभापति प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।

कॉलोनीवासियों का आरोप है कि कॉलोनी के भूखंड संख्या 121 पर लोकेन्द्र ग्वाला की ओर से गाय, भैंस, बकरी, मुर्गे और कबूतर पाले जा रहे हैं। इसके साथ ही भूखंड पर गोबर के ढेर भी जमा किए जा रहे हैं, जिससे आसपास के क्षेत्र में बदबू फैल रही है और गंदगी की समस्या बनी हुई है।

ज्ञापन में बताया गया कि पशुओं के अपशिष्ट और गोबर के कारण आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कॉलोनीवासियों ने गंदगी से लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका भी जताई है। उनका कहना है कि संबंधित व्यक्ति से कई बार पशुबाड़ा और गोबर हटाने के लिए कहा गया, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।

कॉलोनीवासियों ने नगर परिषद प्रशासन से आवासीय क्षेत्र में बने पशुबाड़े और गोबर के ढेर हटवाने के साथ सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने ज्ञापन की प्रतिलिपि जिला कलेक्टर और मुख्य चिकित्सा अधिकारी को भी भेजकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। अब कॉलोनीवासियों की मांग है कि संबंधित स्थान से गंदगी हटाकर क्षेत्र में स्वच्छता सुनिश्चित की जाए, ताकि आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी से राहत मिल सके।

Tags: