पंचायत चुनाव 2026: अरनोद में भाजपा की तैयारी तेज, कई कार्यकर्ताओं ने पेश की दावेदारी
पंचायत समिति चुनाव की तैयारियों को लेकर कैबिनेट मंत्री हेमंत मीणा ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ जाजम पर बैठकर फीडबैक लिया और चुनावी दावेदारियों पर चर्चा की।
अरनोद मंडल के विभिन्न वार्डों में पंचायत समिति चुनाव की तैयारियों को लेकर जाजम पर बैठकर भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से संवाद करते कैबिनेट मंत्री हेमंत मीणा।
पंचायत राज चुनाव-2026 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अरनोद मंडल में चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री हेमंत मीणा ने वार्डवार बैठकें आयोजित कर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया। बैठकों में पंचायत समिति चुनाव की तैयारियों का फीडबैक लिया गया। इस दौरान कई कार्यकर्ताओं ने पंचायत समिति सदस्य का चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर करते हुए अपनी दावेदारी भी पेश की।
भाजपा अरनोद मंडल अध्यक्ष बालूराम डांगी ने बताया कि संवाद कार्यक्रम के तहत पंचायत समिति वार्ड नंबर 12, 11, 10, 9 और 8 सहित विभिन्न वार्डों में कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में कैबिनेट मंत्री हेमंत मीणा ने कार्यकर्ताओं के साथ जाजम पर बैठकर उनकी बातें सुनीं और क्षेत्र में पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा की।
वार्डवार संवाद के दौरान कई इच्छुक कार्यकर्ताओं ने पंचायत समिति सदस्य का चुनाव लड़ने की इच्छा जताई। कार्यकर्ताओं ने अपनी दावेदारी रखते हुए चुनाव को लेकर अपने विचार साझा किए। बैठकों में चुनावी तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेने के साथ उनकी बातों को भी सुना गया।
अरनोद मंडल में आयोजित इन वार्डवार बैठकों को पंचायत समिति चुनाव की तैयारियों और पार्टी कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं के साथ इस तरह की बैठकें भाजपा की स्थानीय स्तर पर चल रही तैयारियों का हिस्सा हैं।