धरियावद के राजकीय अस्पताल में सर्पदंश जागरूकता पोस्टर का विमोचन करते वन विभाग के अधिकारी, डॉक्टर और सर्प मित्र।   

धरियावद में वन विभाग ने जहरीले सांपों की पहचान, सर्पदंश से बचाव और सही उपचार के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए शुक्रवार को विशेष पोस्टर का विमोचन किया। इस पहल का उद्देश्य सांपों से जुड़ी भ्रांतियों और अंधविश्वास को दूर करने के साथ सर्पदंश की स्थिति में समय पर चिकित्सा सहायता सुनिश्चित करने के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

सहायक वनपाल पवन मेघवाल ने बताया कि पोस्टर के माध्यम से क्षेत्र में पाए जाने वाले जहरीले सांपों की प्रजातियों की पहचान, सर्पदंश के समय तत्काल बचाव के उपाय और सही उपचार की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही सांपों को लेकर समाज में प्रचलित गलत अवधारणाओं और अंधविश्वास को दूर करने का प्रयास किया जाएगा।

पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में सर्प मित्र गजेंद्र सोलंकी, राजकीय चिकित्सालय के डॉक्टर जितेंद्र बगड़िया, क्षेत्रीय वन अधिकारी हर्षद पाटीदार, सहायक वनपाल पवन मेघवाल, राजकीय चिकित्सालय के स्वास्थ्य कर्मी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान चिकित्सकों और वन विभाग के अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि सर्पदंश की घटना होने पर झाड़-फूंक के चक्कर में समय बर्बाद न करें। पीड़ित को तुरंत नजदीकी राजकीय चिकित्सालय ले जाकर उपचार कराएं। वन विभाग की इस जागरूकता पहल के जरिए जहरीले सांपों की पहचान, सर्पदंश से बचाव और समय पर चिकित्सा सहायता के महत्व की जानकारी आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

Tags: