प्रतापगढ़ में घरेलू गैस सिलेंडर जब्त, होटलों पर रसद विभाग की कार्रवाई
रसद विभाग की टीम ने होटलों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में छापेमारी कर दो दर्जन से अधिक सिलेंडर किए जब्त।
प्रतापगढ़ शहर में घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग के खिलाफ रसद विभाग की टीम द्वारा होटल पर की गई छापेमारी के दौरान जब्त किए गए सिलेंडर।
प्रतापगढ़ शहर में घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग के खिलाफ रसद विभाग ने कार्रवाई करते हुए दो दर्जन से अधिक सिलेंडर जब्त किए हैं। होटल और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलेंडरों के इस्तेमाल की शिकायत मिलने के बाद विभाग की टीम ने शहर के विभिन्न स्थानों पर जांच अभियान चलाया।
जिला कलक्टर कार्यालय में शिकायत मिलने के बाद DSO हरि प्रसाद के नेतृत्व में रसद विभाग की टीम ने विभिन्न होटल और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की। इस कार्रवाई में EO लालशंकर डामोर और प्रदीप परमार भी शामिल रहे। जांच के दौरान व्यावसायिक गतिविधियों में इस्तेमाल किए जा रहे घरेलू गैस सिलेंडरों को जब्त किया गया।
विभागीय कार्रवाई की सूचना मिलते ही शहर के होटल संचालकों में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि टीम के पहुंचने की जानकारी मिलने के बाद कुछ प्रतिष्ठानों से घरेलू गैस सिलेंडर हटाकर दूसरी जगह रख दिए गए। इसके चलते कई स्थानों पर पहुंची विभागीय टीम को खाली हाथ लौटना पड़ा।
रसद विभाग की कार्रवाई के बाद शहर के होटल और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में हलचल देखी गई। विभाग की ओर से घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग की जांच जारी है। अधिकारियों के अनुसार, इस तरह के मामलों में आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।