ब्यावर में पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के दौरान निर्वाचन कार्य में लापरवाही और चुनाव अधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार करने के आरोप में दो शिक्षकों पर प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर कमल राम मीना ने दोनों शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर 4 नवंबर को सुबह 11 बजे तक व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं।

मामला जैतारण पंचायत समिति के राउमावि कावलिया स्थित मतदान केंद्रों का है। बूथ संख्या 33 पर नियुक्त शिक्षक शुभान मोहम्मद तथा बूथ संख्या 34 पर नियुक्त अध्यापक राजूराम पर मतदान के दौरान अमर्यादित व्यवहार करने और चुनाव अधिकारियों के साथ अशोभनीय भाषा का प्रयोग करने का आरोप है। दोनों शिक्षकों का यह आचरण निर्वाचन कार्य में बाधा उत्पन्न करने वाला माना गया है।

जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीना ने दोनों शिक्षकों को निर्धारित समय सीमा में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 4 नवंबर को सुबह 11 बजे तक संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिलने पर राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1958 तथा संबंधित निर्वाचन कानूनों के तहत विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्वाचन प्रक्रिया में तैनात सभी कार्मिकों के लिए मर्यादित और अनुशासित आचरण को आवश्यक बताते हुए कहा कि चुनाव ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता या निर्वाचन कार्य में बाधा उत्पन्न करने वाले कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित कार्मिकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Tags: