वसई के लीवाईस शो रूम में भीषण आग, लाखों के कपड़े जलकर हुए खाक
वसई पश्चिम के अंबाडी रोड स्थित लीवाईस शो रूम में 21 अगस्त को दोपहर 2 बजे भीषण आग लग गई। डीजल जनरेटर से आग लगने की बात सामने आई है, जिसमें लाखों रुपये के कपड़े जलकर खाक हो गए।
तस्वीर में वसई के अंबाडी रोड स्थित लीवाईस शोरूम के बाहर धुएं के बीच स्थानीय लोग और राहगीर खड़े नजर आ रहे हैं।
वसई पश्चिम के अंबाडी रोड स्थित इम्पोर्टेड कपड़ों के लीवाईस शो रूम में 21 अगस्त 2026 की दोपहर करीब 2 बजे भीषण आग लग गई। आग में शो रूम में रखे कीमती कपड़े जलकर खाक हो गए, जिससे दुकानदार को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। बताया जा रहा है कि शो रूम में बिजली गुल होने पर डीजल जनरेटर का उपयोग किया जाता था और इसी के कारण आग लगने की बात सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, वसई पश्चिम क्षेत्र के अंबाडी रोड पर लीवाईस का शो रूम है, जहां इम्पोर्टेड कपड़े बेचे जाते हैं। शो रूम मालिक बिजली गुल होने की स्थिति में दुकान में रखे डीजल जनरेटर का उपयोग करते थे। 21 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 2 बजे अचानक शो रूम में आग लग गई।
आग लगते ही शो रूम में काम कर रहे लोग सुरक्षित बाहर निकल गए और वसई विरार महानगर पालिका के अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही मनपा अग्निशमन दल और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अग्निशमन दल ने कार्रवाई करते हुए आग बुझाकर उस पर काबू पा लिया।
हालांकि, आग पर काबू पाए जाने तक शो रूम में रखे कीमती कपड़े जलकर खाक हो चुके थे। इससे दुकानदार को लाखों रुपये का नुकसान हुआ। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, क्योंकि आसपास कपड़ों की अन्य दुकानें भी मौजूद हैं और आग फैलने पर वे भी इसकी चपेट में आ सकती थीं।
आग लगने के कारण कुछ समय के लिए क्षेत्र में यातायात भी बाधित हुआ, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। समय रहते अग्निशमन दल की कार्रवाई से आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया।