नालासोपारा में बेकाबू कार ने दो महिलाओं को कुचला, एक की मौत; नाबालिग चालक समेत तीन गिरफ्तार
नालासोपारा में बेकाबू कार ने पैदल जा रही दो महिलाओं को कुचला, एक की मौत और दूसरी घायल; नाबालिग चालक समेत तीन गिरफ्तार।
तस्वीर में बाईं ओर हादसे में जान गंवाने वाली महिला श्रेया मिसाळ और दाईं ओर दुर्घटना में शामिल ग्रे रंग की कार दिखाई दे रही है।
नालासोपारा पूर्व के तुलिंज पुलिस स्टेशन क्षेत्र स्थित सेंट्रल पार्क इलाके में बुधवार शाम सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। दोनों महिलाएं काम से लौटकर पैदल घर जा रही थीं। इसी दौरान नाबालिग लड़के द्वारा चलाई जा रही एक बेकाबू कार ने दोनों को कुचल दिया। हादसे के बाद कार चालक मौके से कार समेत फरार हो गया। मामले में पुलिस ने नाबालिग चालक, कार मालिक सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, श्रेया श्रीकांत मिसाळ अपने परिवार के साथ सेंट्रल पार्क, नालासोपारा पूर्व में रहती थीं। वह गृहणी और कामकाजी महिला थीं। बुधवार शाम करीब 4:30 बजे श्रेया अपनी सहेली प्रगति मोरे के साथ पैदल जा रही थीं। इसी दौरान कार क्रमांक एमएच 48 सीटी 6433, जिसे एक नाबालिग लड़का चला रहा था, बेकाबू होकर दोनों महिलाओं को कुचलते हुए निकल गई।
हादसे में श्रेया मिसाळ और प्रगति मोरे दोनों बुरी तरह घायल हो गईं। दोनों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टर ने प्राथमिक जांच के बाद श्रेया मिसाळ को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल प्रगति मोरे को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनका उपचार जारी है।
हादसे के बाद कार चालक नाबालिग लड़का कार समेत मौके से भाग गया। सड़क हादसे में महिला की मौत की सूचना मिलते ही तुलिंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम रिपोर्ट के लिए अस्पताल भेज दिया।
घटना के बाद गुस्साए स्थानीय रहवासियों ने पुलिस स्टेशन का घेराव किया और नाबालिग लड़के को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। इसके बाद पुलिस ने मामले में नाबालिग कार चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की और उसे कार मालिक सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया।
सेंट्रल पार्क इलाके में हुए इस सड़क हादसे में एक महिला की जान चली गई और दूसरी घायल हो गई। पुलिस की कार्रवाई के बाद मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।