पालघर में 8 हजार रुपये की रिश्वत लेते वायरमैन रंगे हाथों गिरफ्तार
पालघर के खारेकुरण गांव में बिजली मीटर की जांच के बाद बिल कम कराने के नाम पर 8 हजार रुपये की रिश्वत मांगने वाले वायरमैन प्रदीप महाजन को एसीबी ने जाल बिछाकर रंगे हाथों पकड़ लिया।
पालघर के खारेकुरण ग्रामीण क्षेत्र में एक व्यक्ति से 8 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए क्षेत्रीय वायरमैन प्रदीप सुभाष महाजन को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने रंगे हाथों पकड़ लिया। यह कार्रवाई एसीपी पालघर दादा करांडे के मार्गदर्शन में की गई।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता के घर में लगे बिजली मीटर से हर महीने अधिक बिजली बिल आ रहा था, जिससे वह परेशान था। शिकायत मिलने पर उमरौली निवासी क्षेत्रीय वायरमैन प्रदीप सुभाष महाजन, उम्र 38 वर्ष, बिजली मीटर की जांच-पड़ताल करने पहुंचा।
जांच-पड़ताल के बाद वायरमैन प्रदीप ने शिकायतकर्ता से हमेशा बिल कम आने की बात कहते हुए 8 हजार रुपये की मांग की। रिश्वत की मांग से परेशान शिकायतकर्ता ने तुरंत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो पालघर से संपर्क किया और एक जनसेवक द्वारा रिश्वत मांगने की शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर एसीपी दादा करांडे के मार्गदर्शन में पीआई राकेश डांगे, विलास भोये, नवनाथ भगत, जितेंद्र गवले, गीता कहार और आकाश लोहरे सहित टीम ने 20 अगस्त 2026 की दोपहर के आसपास मिठागर रोड, खारेकुरण गांव में जाल बिछाया।
जाल के दौरान शिकायतकर्ता के हाथों वायरमैन प्रदीप सुभाष महाजन को 8 हजार रुपये लेते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने रंगे हाथों पकड़ लिया।
रिश्वतखोर वायरमैन प्रदीप महाजन के खिलाफ पालघर पुलिस स्टेशन में भ्रष्टाचार प्रतिबंध अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में आगे की जांच-पड़ताल की जा रही है।