प्रिंसेस स्ट्रीट फ्लाईओवर के नीचे बदली तस्वीर, राहुल नार्वेकर ने किया नए पैदल मार्ग का लोकार्पण
मुंबई के प्रिंसेस स्ट्रीट फ्लाईओवर के नीचे बीएमसी ने 'पेडेस्ट्रियन फर्स्ट' अभियान के तहत परिसर का कायाकल्प किया है। 150 मीटर का पदपथ, 100 मीटर का पैदल मार्ग, बगीचा और थ्री-डी पेंटिंग के साथ विकसित परिसर का लोकार्पण राहुल नार्वेकर ने किया।
मुंबई में राहुल नार्वेकर ने नए पेडेस्ट्रियन मार्ग का लोकार्पण किया।
मुंबई में पैदल यात्रियों की सुरक्षा और सार्वजनिक स्थानों को बेहतर बनाने के लिए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के 'पेडेस्ट्रियन फर्स्ट' अभियान के तहत प्रिंसेस स्ट्रीट फ्लाईओवर के नीचे स्थित बदहाल और भीड़भाड़ वाले परिसर का कायाकल्प किया गया है। शामलदास गांधी मार्ग पर विकसित इस नए परिसर का लोकार्पण महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक राहुल नार्वेकर ने किया। उद्घाटन समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, बीएमसी के वरिष्ठ अधिकारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने हिस्सा लिया।
इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य पैदल यात्रियों को सड़क पर होने वाले जोखिमों से बचाना और उन्हें सुरक्षित एवं बाधा-मुक्त आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना था। फ्लाईओवर के नीचे ई रोड और एच रोड के पास पहले सुरक्षित पदपथ की व्यवस्था नहीं थी। इसके कारण राहगीरों को मजबूरन सड़क के बीच से गुजरना पड़ता था, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता था।
बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिड़े के मार्गदर्शन में प्रशासन ने इस परिसर में मौजूद पुरानी बाधाओं को हटाकर करीब 150 मीटर लंबा नया पदपथ और 100 मीटर लंबा घुमावदार पैदल मार्ग तैयार किया है। इसके साथ ही परिसर की दीवारों पर आकर्षक थ्री-डी पेंटिंग बनाई गई हैं और एक सुंदर बगीचा भी विकसित किया गया है।
परिसर को हरा-भरा बनाए रखने के लिए पौधों की देखभाल हेतु आधुनिक ड्रिप सिंचाई प्रणाली स्थापित की गई है। वहीं, नागरिकों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम भी किए गए हैं। इन सुविधाओं के विकास से पहले भीड़भाड़ और असुरक्षित आवागमन की समस्या से जूझ रहे इस इलाके को नया स्वरूप मिला है।
स्थानीय नागरिकों ने परिसर में हुए बदलाव पर खुशी जताई है। अब यह स्थान अधिक सुरक्षित और हरा-भरा होने के साथ लोगों के घूमने-फिरने के लिए भी बेहतर बन गया है। बीएमसी के 'पेडेस्ट्रियन फर्स्ट' अभियान के तहत किए गए इस विकास कार्य से पैदल यात्रियों को सुरक्षित रास्ता उपलब्ध होने के साथ शहर के बीचों-बीच एक सुंदर और शांत सार्वजनिक स्थान भी मिला है।