मुंबई के साकीनाका क्षेत्र में कुर्ला-अंधेरी रोड स्थित अन्नासागर स्क्रैप मार्केट में मंगलवार शाम अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कबाड़ बाजार में रखी पुरानी और ज्वलनशील सामग्रियों के कारण आग तेजी से फैलने लगी। घटना की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया। हादसे में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है।

बीएमसी के मुंबई फायर ब्रिगेड की आधिकारिक जानकारी के अनुसार, आग 3 नवंबर 2026 को शाम करीब 7:15 बजे लगी। आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग ने इसे लेवल-1 की आग घोषित किया और दमकल की गाड़ियों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया।

घटना की जानकारी मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड की गाड़ियां, स्थानीय पुलिस, संबंधित बिजली वितरण कंपनी के कर्मचारी, 108 एम्बुलेंस और बीएमसी वॉर्ड का प्रशासनिक स्टाफ मौके पर पहुंच गया। सुरक्षा के मद्देनजर इलाके की बिजली आपूर्ति तत्काल बंद कर दी गई, ताकि आग के कारण कोई बड़ा हादसा न हो।

दमकलकर्मियों ने चारों तरफ से पानी की बौछारें कर आग बुझाने का अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद आग को आसपास की दुकानों और रिहायशी इलाकों तक फैलने से रोक लिया गया। कबाड़ बाजार में बड़ी मात्रा में पुरानी और ज्वलनशील सामग्री मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैल रही थी, लेकिन दमकल विभाग की समय पर कार्रवाई से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।

गनीमत रही कि इस घटना में किसी भी व्यक्ति के घायल होने या जान गंवाने की खबर नहीं है। इससे प्रशासन और स्थानीय नागरिकों ने राहत की सांस ली। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या लापरवाही की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

बीएमसी अधिकारियों के अनुसार, आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। कबाड़ के ढेर से धुआं हटाने और कूलिंग का काम तेजी से जारी है। वहीं, पुलिस और दमकल विभाग की टीमें आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए आगे की जांच में जुटी हैं।

Tags: