अणुव्रत क्रिएटिविटी कॉन्टेस्ट 2026 में महाराष्ट्र का दबदबा, विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर पर हासिल किए पुरस्कार
जैन विश्व भारती में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में महाराष्ट्र के 9 विद्यालयों के 20 विद्यार्थियों ने विभिन्न विधाओं में पुरस्कार जीते।
अणुव्रत क्रिएटिविटी कॉन्टेस्ट 2026 के राष्ट्रीय आयोजन में महाराष्ट्र के विद्यार्थी पुरस्कार लेते दिख रहे हैं।
मुंबई। अणुविभा की ओर से आयोजित अणुव्रत क्रिएटिविटी कॉन्टेस्ट (एसीसी) 2026 के राष्ट्रीय आयोजन में महाराष्ट्र के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न विधाओं में पुरस्कार हासिल किए। जैन विश्व भारती, लाडनूँ में आचार्यश्री महाश्रमणजी के पावन सान्निध्य में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता में महाराष्ट्र के 9 विद्यालयों के 20 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
एसीसी 2026 की शुरुआत विद्यालय स्तर से हुई थी। इसके बाद प्रतियोगिता जिला एवं राज्य स्तर की विभिन्न प्रक्रियाओं से गुजरते हुए राष्ट्रीय स्तर तक पहुंची। प्रतियोगिता में चित्रकला, निबंध लेखन, भाषण, कविता, एकल गायन एवं समूह गायन सहित छह प्रमुख विधाएं शामिल थीं। प्रत्येक विधा में कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्ग निर्धारित किए गए थे।
राष्ट्रीय आयोजन के दौरान प्रतियोगिता के परिणाम घोषित किए गए। कनिष्ठ एवं वरिष्ठ दोनों वर्गों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल के करकमलों से प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के पश्चात चित्रकला प्रदर्शनी आयोजित की गई। इसमें राष्ट्रीय स्तर की सभी चित्रकलाओं के साथ जिला एवं राज्य स्तर की चित्रकलाओं को भी प्रदर्शित किया गया। आचार्य महाश्रमण एवं अन्य साधु-साध्वी वृंद ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
राष्ट्रीय स्तर पर छह विधाओं के कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्गों में महाराष्ट्र के विद्यार्थियों और विद्यालयों ने विभिन्न स्थान हासिल किए। एकल गायन के कनिष्ठ वर्ग में सार्थक सिकदार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वे आर्या गुरुकुल, अंबरनाथ के विद्यार्थी हैं। एकल गायन के वरिष्ठ वर्ग में अंबुजा विद्या निकेतन, उपरवाही, चंद्रपुर के संकेत अरविंद लांडे ने तृतीय स्थान हासिल किया। भाषण प्रतियोगिता के कनिष्ठ वर्ग में आर्या गुरुकुल, ठाणे की प्रिशी बाठिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। समूह गायन के कनिष्ठ वर्ग में सेंट मैरीज़ हाई स्कूल, ठाणे ने द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि इसी विद्यालय ने वरिष्ठ वर्ग में तृतीय स्थान प्राप्त किया। इन उपलब्धियों के साथ महाराष्ट्र के विद्यार्थियों और विद्यालयों ने देशभर में सम्मान हासिल किया।
पूरे आयोजन में एसीसी महाराष्ट्र प्रभारी तरुणा कोठारी के नेतृत्व में 35 सदस्यों की टीम ने सहभागिता की। आयोजन को सफल बनाने में महामंत्री मनोज सिंघवी, नेशनल कन्वेनर किरण परमार, जोनल प्रभारी कंचन सोनी और महाराष्ट्र कैप्टन अंजू कोठारी का विशेष सहयोग रहा।
सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों के सहयोग से प्रतियोगिता सानंद संपन्न हुई। इसके साथ ही सभी क्षेत्र संयोजकों एवं जिला संयोजकों के सहयोग से एसीसी 2026 का समापन हुआ। यह जानकारी तरुणा कोठारी ने दी।