मुंबई में महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक सदानंद दाते (दाएं) से मुलाकात कर आईआईटी बॉम्बे छात्र मौत मामले और दीया मिर्जा वीडियो विवाद पर कार्रवाई की मांग करता मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ (बाएं) का प्रतिनिधिमंडल।   

मुंबई। आईआईटी बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोड़े की संदिग्ध मौत के मामले में डेढ़ महीने बीत जाने के बावजूद आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने और बॉलीवुड अभिनेत्री दीया मिर्जा का प्रदूषण मुक्त दिवाली से जुड़ा वीडियो हटाए जाने को लेकर मुंबई कांग्रेस ने महाराष्ट्र सरकार और बीएमसी प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद वर्षा गायकवाड़ ने दोनों मामलों में प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पुलिस महानिदेशक सदानंद दाते से मुलाकात की और संबंधित मामलों में कार्रवाई की मांग की।

साहिल वाकोड़े मामले में वर्षा गायकवाड़ के नेतृत्व में मुंबई कांग्रेस के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने साहिल के माता-पिता के साथ महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक सदानंद दाते से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मामले की जांच में हो रही देरी और आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ कार्रवाई नहीं किए जाने का मुद्दा उठाया।

सांसद वर्षा गायकवाड़ ने आरोप लगाया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद जांच के नाम पर ढिलाई बरती जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक कर उल्टे पीड़ित छात्र को ही बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आरोपी प्रोफेसर की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

गायकवाड़ ने आईआईटी जैसी शीर्ष शैक्षणिक संस्था में पिछले कुछ वर्षों के दौरान 13 छात्रों द्वारा जान दिए जाने को बेहद चिंताजनक बताया। उन्होंने मामले में जिम्मेदारी तय करने और निष्पक्ष कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया।

इस पर डीजीपी सदानंद दाते ने मामले पर व्यक्तिगत रूप से ध्यान देने का आश्वासन दिया। उन्होंने मुंबई पुलिस आयुक्त और आईआईटी मुंबई के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष से बातचीत करने की बात भी कही।

वहीं, मुंबई महानगरपालिका द्वारा बॉलीवुड अभिनेत्री दीया मिर्जा का प्रदूषण मुक्त दिवाली का संदेश देने वाला वीडियो हटाए जाने को लेकर भी वर्षा गायकवाड़ ने भाजपा और बीएमसी प्रशासन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बीएमसी किसी राजनीतिक दल की संस्था नहीं, बल्कि संविधान के अनुसार संचालित होने वाली संस्था है। इसमें धर्म के आधार पर भेदभाव स्वीकार नहीं किया जा सकता।

सांसद ने आरोप लगाया कि भाजपा के दबाव में दीया मिर्जा का वीडियो हटाना और अन्य हस्तियों के वीडियो को आधिकारिक मंच पर बनाए रखना सरासर अन्याय है। कांग्रेस ने बीएमसी प्रशासन से मांग की है कि दीया मिर्जा का वीडियो तत्काल अपने आधिकारिक प्लेटफॉर्म पर दोबारा अपलोड किया जाए और अभिनेत्री से बिना शर्त सार्वजनिक माफी मांगी जाए।

वर्षा गायकवाड़ ने स्पष्ट किया कि मुंबई की पहचान सर्वधर्म समभाव और विविधता में एकता की संस्कृति से है। उन्होंने कहा कि शहर में नफरत और विभाजन की राजनीति के लिए कोई जगह नहीं है। कांग्रेस पार्टी दीया मिर्जा के साथ मजबूती से खड़ी है और मुंबई की धर्मनिरपेक्ष पहचान की रक्षा के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेगी।

Tags: