जुहू चौपाटी पर स्वच्छता अभियान के दौरान दस्ताने पहने कचरा एकत्र करते अजय देवगन और अमृता फडणवीस।

मुंबई। गणेश विसर्जन के बाद जुहू चौपाटी पर समुद्र तट को स्वच्छ बनाने और पर्यावरण सुरक्षा का संदेश देने के लिए ‘सी, शोर, शाइन-2026’ विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। दिव्याज फाउंडेशन, बृहन्मुंबई महानगरपालिका, मुंबई पुलिस और मेघा श्रेय संस्था के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित अभियान में स्कूली बच्चों, स्वयंसेवकों और आम नागरिकों ने सहभागिता की। सामूहिक प्रयास के तहत जुहू चौपाटी से लगभग 34 टन कचरा एकत्र कर समुद्र तट की सफाई की गई।

अभियान में प्रसिद्ध अभिनेता अजय देवगन, दिव्याज फाउंडेशन की संस्थापिका अमृता फडणवीस, बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिड़े, राज्य के मंत्री मंगल प्रभात लोढा, विधायक अमित साटम, राम कदम और स्थानीय नगरसेविका सीमा किरण शिंदे समेत कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

अभिनेता अजय देवगन ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जैसे हम अपने घर को साफ रखते हैं, वैसे ही अपने शहर और देश को स्वच्छ रखना भी हमारी जिम्मेदारी है। बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिड़े ने कहा कि समुद्र मुंबई की अनमोल धरोहर है और त्योहार के बाद भी शहर को स्वच्छ बनाए रखना हम सबकी नैतिक जिम्मेदारी है।

सफाई के साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए भी कदम उठाया गया है। बीएमसी और डॉ. नानासाहेब धर्माधिकारी प्रतिष्ठान मिलकर विसर्जन के दौरान जमा हुए निर्माल्य यानी पूजा के फूलों को अलग करेंगे। इनसे अगरबत्ती और अन्य उपयोगी उत्पाद बनाए जाएंगे। बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिड़े ने खुद निर्माल्य प्रसंस्करण केंद्र का दौरा कर पूरी प्रक्रिया की जानकारी ली।

प्रशासन ने नागरिकों से सार्वजनिक स्थानों और चौपाटियों को साफ रखने में बीएमसी का पूरा सहयोग करने की अपील की। गणेश विसर्जन के बाद चलाए गए इस सामूहिक स्वच्छता अभियान में जुहू चौपाटी से 34 टन कचरा हटाया गया, जबकि निर्माल्य के प्रसंस्करण के जरिए पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी प्रयास किया गया।

Tags: