मुंबई के गोरेगांव वेस्ट इलाके में गुरुवार तड़के बहुमंजिला इमारत में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। न्यू लिंक रोड स्थित भगत सिंह नगर नंबर 2 में ‘हारमनी रेजीडेंसी’ नाम की 8 मंजिला इमारत के आठवें माले पर बने एक बंद कमरे में आग लगी। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह एयर कंडीशनर यानी एसी यूनिट में शॉर्ट सर्किट होना सामने आया है।

मुंबई अग्निशमन दल के अधिकारियों के अनुसार, घटना की जानकारी सुबह करीब 6:20 बजे मिली। घटना की गंभीरता को देखते हुए बीएमसी के फायर ब्रिगेड ने सुबह 6:28 बजे आग को लेवल-1 घोषित किया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां, स्थानीय पुलिस, विद्युत वितरण कंपनी के कर्मचारी, बीएमसी के वार्ड अधिकारी और 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची।

दमकलकर्मियों ने कार्रवाई करते हुए आग को आठवें माले के उसी कमरे तक सीमित रखा और उसे पूरी इमारत में फैलने से रोक लिया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। आग की चपेट में आने से कमरे में रखा कुछ सामान जलकर खाक हो गया।

राहत की बात रही कि घटना में किसी भी नागरिक के हताहत होने या घायल होने की खबर नहीं है। बीएमसी प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए स्थिति पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया।

दमकल विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि गर्मी और उमस के मौसम में बिजली के उपकरणों, विशेषकर एसी की नियमित सर्विसिंग कराते रहें, ताकि शॉर्ट सर्किट जैसे हादसों से बचा जा सके।

Tags: