मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर तीन वाहनों की भीषण टक्कर, दो लोगों की मौत, एक गंभीर घायल
मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 36 पर ढलान में तेज रफ्तार केमिकल ट्रक का ब्रेक फेल होने से पिकअप और कंटेनर से टक्कर हो गई। हादसे में दो लोगों की मौत, एक गंभीर घायल और लंबा जाम लग गया।
तस्वीर में मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर हुई भीषण सड़क दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त वाहन और सड़क पर फैले सामान को हटाते हुए सुरक्षाकर्मी नजर आ रहे हैं.
मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर 36 के पास मुंबई की ओर जाने वाली लेन में तीन वाहनों की टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, हादसा दोपहर के समय ढलान वाले रास्ते पर हुआ। केमिकल से भरा तेज रफ्तार ट्रक अचानक ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित हो गया। ट्रक ने सबसे पहले आगे चल रही पिकअप वैन को जोरदार टक्कर मारी। इसके बाद ट्रक सामने जा रहे कंटेनर से जा टकराया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वैन पूरी तरह चकनाचूर हो गई, जबकि ट्रक का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ।
हादसे के बाद ट्रक में भरा केमिकल बड़ी मात्रा में एक्सप्रेसवे पर फैल गया। इसके चलते मुंबई की ओर जाने वाले मार्ग पर लंबा जाम लग गया। घटना की सूचना मिलते ही हाईवे पुलिस और बचाव दल की टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस अधिकारियों ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया। इसके बाद एक्सप्रेसवे पर गिरे केमिकल को साफ कर मार्ग को सुरक्षित बनाया गया। यातायात पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद मुंबई की ओर जाने वाले मार्ग पर यातायात को फिर से सुचारू करवा दिया। हादसे के कारण हुई जनहानि, वाहन क्षति और मार्ग पर फैले केमिकल से यातायात प्रभावित रहा।