तस्वीर में बीएमसी अधिकारी और आपदा प्रबंधन दल आपातकालीन प्रशिक्षण सत्र में भाग लेते दिख रहे हैं।

मुंबई। अनंत चतुर्दशी के पावन अवसर पर 25 सितंबर 2026 को मुंबई की प्रसिद्ध गिरगांव चौपाटी यानी स्वराज्यभूमि पर लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में भगवान श्रीगणेश का विसर्जन किया जाएगा। विशाल जनसैलाब को देखते हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने विसर्जन के लिए व्यापक इंतजाम पूरे कर लिए हैं। संभावित आपात स्थिति से तत्काल निपटने और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय के लिए बीएमसी ने इस वर्ष चौपाटी पर पहली बार बड़ा इमरजेंसी मैनेजमेंट कंट्रोल रूम स्थापित किया है।

उपायुक्त चंदा जाधव और सहायक आयुक्त संतोष सालुंके की देखरेख में तैयार किए गए इस कंट्रोल रूम में बीएमसी, पुलिस, फायर ब्रिगेड, स्वास्थ्य विभाग, एनडीआरएफ और बेस्ट के अधिकारी चौबीसों घंटे तैनात रहेंगे। संदेशों के त्वरित आदान-प्रदान के लिए डिजिटल मोबाइल रेडियो, हैम रेडियो और आधुनिक संचार उपकरणों की व्यवस्था की गई है।

चौपाटी इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की लाइव फीड देखने के लिए बड़ी स्क्रीन लगाई गई हैं। पूरे विसर्जन स्थल पर नजर रखने के लिए दो ड्रोन कैमरों को भी तैनात किया गया है। इससे विसर्जन के दौरान चौपाटी क्षेत्र की निगरानी और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को मजबूत किया जाएगा।

चौपाटी पर पहुंचने वाले मुंबईकरों और देश-विदेश के श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रोशनी, पीने का पानी, शौचालय, एम्बुलेंस और प्राथमिक चिकित्सा जैसी जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। आपात स्थिति से निपटने के लिए बीएमसी के अधिकारियों और कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया है।

आपदा प्रबंधन विभाग की प्रमुख अधिकारी रश्मि लोखंडे ने बताया कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है, ताकि नागरिक बिना किसी असुविधा के सुरक्षित वातावरण में अपने प्रिय बाप्पा को भावभीनी विदाई दे सकें। पहली बार स्थापित इमरजेंसी मैनेजमेंट कंट्रोल रूम, आधुनिक संचार उपकरणों, सीसीटीवी निगरानी और ड्रोन कैमरों की तैनाती के साथ गिरगांव चौपाटी पर विसर्जन व्यवस्था को लेकर बीएमसी ने व्यापक तैयारियां की हैं।

Tags: