दादर स्थित मुंबई पब्लिक स्कूल में 'स्मार्ट नागरिक' और 'विद्यार्थी प्रेरणा' पुस्तकों के विमोचन के अवसर पर कक्षा के विद्यार्थियों को संबोधित करते मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस।

मुंबई। मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को शिक्षा के साथ नागरिक कर्तव्यों, संवैधानिक मूल्यों और जीवन में प्रेरणा का महत्व समझाने के उद्देश्य से दो विशेष पुस्तकों ‘स्मार्ट नागरिक’ और ‘विद्यार्थी प्रेरणा’ का विमोचन किया गया। दादर पश्चिम के भवानी शंकर मार्ग स्थित मुंबई पब्लिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश भूषण गवई ने इन पुस्तकों का अनावरण किया।

पुस्तकों के विमोचन के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और पूर्व मुख्य न्यायाधीश भूषण गवई सीधे कक्षा में पहुंचे। यहां उन्होंने छठी कक्षा के विद्यार्थियों के साथ समय बिताया और दोनों पुस्तकों के कुछ महत्वपूर्ण पाठों को सरल भाषा में समझाया। बच्चों के साथ हुए इस सीधे संवाद ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को प्रभावित किया।

इस अवसर पर मुंबई की महापौर रितू तावडे, बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिडे, कई विधायक, स्थानीय नगरसेवक और शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

विमोचित पुस्तकों में ‘स्मार्ट नागरिक’ बच्चों को नागरिक शास्त्र और देश के संविधान के मूल्यों की जानकारी देने के उद्देश्य से तैयार की गई है। वहीं, ‘विद्यार्थी प्रेरणा’ भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के प्रेरणादायक जीवन पर आधारित है। दोनों पुस्तकों के माध्यम से विद्यार्थियों में सोचने-समझने की क्षमता विकसित करने और उन्हें अपने परिवार, स्कूल, समाज तथा देश के प्रति जिम्मेदारियों का बेहतर बोध कराने पर जोर दिया गया है।

बीएमसी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को पाठ्यक्रम की पढ़ाई के साथ संवैधानिक मूल्यों, नागरिक कर्तव्यों और प्रेरणादायक जीवन प्रसंगों से जोड़ने की यह पहल शिक्षा को व्यापक दृष्टिकोण देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। ‘स्मार्ट नागरिक’ और ‘विद्यार्थी प्रेरणा’ पुस्तकों के माध्यम से विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनने और समाज के प्रति अपनी भूमिका समझने का अवसर मिलेगा।A

Tags: