कटनी के रीठी क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री से ग्रामीण परेशान
गांवों में बिना रोक-टोक शराब पहुंचने से सामाजिक माहौल प्रभावित हो रहा है, ग्रामीणों ने पुलिस और आबकारी विभाग से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
सड़क पर मोटरसाइकिल से बोरी ले जाते दो लोग।
कटनी जिले के रीठी क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में अवैध शराब की पैकारियां संचालित होने के आरोपों ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों का कहना है कि लाइसेंसी शराब दुकानें होने के बावजूद गांवों में गली-गली शराब पहुंच रही है, जिससे सामाजिक माहौल प्रभावित हो रहा है।
बड़गांव, सलैया, खम्हरिया, मुहांस, देवरी कला, देवगांव, हरदुआ, भरतपुर, गुरजी, बरहटा, खिरवा, डांग, सिमड़ारी, हथकुरी, हरद्वारा और उमरिया सहित कई गांवों में अवैध शराब बिक्री की शिकायतें सामने आ रही हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि कार्रवाई के नाम पर कभी-कभार छोटे प्रकरण दर्ज कर खानापूर्ति कर दी जाती है, जबकि बड़े स्तर पर चल रही कथित पैकारियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। इससे गांवों में खुलेआम शराब बिक्री को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
ग्रामीणों ने आबकारी विभाग और पुलिस प्रशासन से गांवों में अवैध शराब की बिक्री की जांच कराने तथा दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। अब ग्रामीणों की शिकायतों के बीच अवैध शराब की कथित पैकारियों पर प्रशासन की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।