उज्जैन रेलवे स्टेशन पर 75 किलो डोडाचूरा जब्त, दो महिलाएं गिरफ्तार, पंजाब से जुड़ा तार
उज्जैन रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने 74 किलो 995 ग्राम डोडाचूरा जब्त कर दो महिलाओं को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी पंजाब के लुधियाना ग्रामीण जिले की रहने वाली हैं। पुलिस सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है।
तस्वीर में उज्जैन रेलवे स्टेशन पर जीआरपी पुलिसकर्मियों के साथ दो संदिग्ध महिलाएं और बरामद किए गए सामान के पैकेट मेज पर रखे नजर आ रहे हैं।
उज्जैन रेलवे स्टेशन पर जीआरपी पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार रात प्लेटफॉर्म नंबर 8 पर घेराबंदी कर पकड़ी गई दोनों महिलाओं के ट्रॉली बैग और अन्य सामान की तलाशी में 74 किलो 995 ग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपए बताई गई है।
जीआरपी के अनुसार रेलवे स्टेशन पर लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो महिलाएं बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर स्टेशन पर मौजूद हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुनील कुमार गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने प्लेटफॉर्म नंबर 8 पर नागदा की ओर से आ रही दोनों महिलाओं की घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान परमिंदर कौर उम्र 36 वर्ष के पास एक ट्रॉली बैग और दो पिट्ठू बैग मिले। बैगों की जांच करने पर इनमें से 41 किलो 555 ग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। इसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 20 हजार रुपए बताई गई है।
दूसरी आरोपी जसविंदर कौर उर्फ किंडर उम्र 47 वर्ष के पास एक ट्रॉली बैग और एक हैंड बैग था। तलाशी में इन बैगों से 33 किलो 440 ग्राम डोडाचूरा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपए बताई गई है।
दोनों महिलाओं के पास से कुल 74 किलो 995 ग्राम यानी करीब 75 किलो डोडाचूरा जब्त किया गया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी पंजाब के लुधियाना ग्रामीण जिले के तलवंडी कला गांव की रहने वाली हैं।
जीआरपी अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में डोडाचूरा कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था। पुलिस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी भी जुटा रही है।
जीआरपी पुलिस ने दोनों महिलाओं के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में सामने आने वाली जानकारी के आधार पर मादक पदार्थ की खेप के स्रोत और इसके सप्लाई नेटवर्क से जुड़े तथ्यों का पता लगाने की कार्रवाई जारी है।