तस्वीर में डिंडौरी जिले के बालपुर गांव की बदहाल और कीचड़युक्त सड़क पर खड़े ग्रामीण नजर आ रहे हैं।

डिंडौरी जिले के बालपुर गांव में बदहाल सड़क मार्ग को लेकर ग्रामीणों और पंचायत के जिम्मेदारों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। सड़क पर मटेरियल डलवाने को लेकर सरपंच पति और पंचायत सचिव पुरुषोत्तम धारवे पर ग्रामीणों को धमकाने और वीडियो बना रहे ग्रामीण का मोबाइल छीनने का प्रयास करने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

घटना से जुड़ा वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सड़क पर मटेरियल डलवाने को लेकर ग्रामीण और पंचायत सचिव के बीच बातचीत होती दिखाई दे रही है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव का सड़क मार्ग लंबे समय से बदहाल है। बारिश के दौरान सड़क पर कीचड़ और पानी भर जाने से ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

इसी समस्या को देखते हुए उपसरपंच द्वारा सड़क पर मटेरियल डलवाने का प्रयास किया जा रहा था। आरोप है कि इसी दौरान सरपंच पति और पंचायत सचिव पुरुषोत्तम धारवे मौके पर पहुंच गए। मटेरियल डलवाने को लेकर ग्रामीणों से विवाद होने की बात कही जा रही है।

वायरल वीडियो में एक ग्रामीण सचिव से सवाल करता दिखाई दे रहा है। इसी दौरान बातचीत के बीच वीडियो बना रहे ग्रामीण का मोबाइल छुड़ाने का प्रयास किए जाने का आरोप है। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत स्तर पर सड़क की समस्या का समाधान करने के बजाय उन्हें कथित तौर पर धमकाया जा रहा है।

घटना के बाद ग्रामीणों में पंचायत के जिम्मेदारों के प्रति नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराते हुए सरपंच पति और पंचायत सचिव पुरुषोत्तम धारवे के खिलाफ जांच एवं कार्रवाई की मांग की है।

अब ग्रामीणों की शिकायत पर प्रशासन की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है और बालपुर गांव की बदहाल सड़क की समस्या का स्थायी समाधान कब तक हो पाता है, इस पर नजर रहेगी।